You are here
Home > News > गंभीर रूप से झुलसी जयपुर से महाकाल दर्शन करने आई महिला, इंदौर रैफर किया

गंभीर रूप से झुलसी जयपुर से महाकाल दर्शन करने आई महिला, इंदौर रैफर किया

उज्जैन।राजस्थान के जयपुर से महाकालेश्वर मंदिर दर्शन करने आई एक श्रद्धालु महिला दीपक की लौ से साड़ी के आग पकड़ने के बाद झुलस गई। उसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए शासकीय जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां से महिला को इंदौर रैफर कर दिया गया।महाकाल थाना पुलिस के अनुसार जयपुर निवासी शोभा कुंवर पति हरनामसिंह आयु 40 वर्ष महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने अपने परिवार के 6 सदस्यों के साथ आई थी।

महाकाल मंदिर परिसर स्थित ओंकारेश्वर मंदिर के पीछे बने त्रिविष्टेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शोभा पूजा के लिए गई। यहां दीपक रखा हुआ था। शोभा जैसे ही प्रणाम करने के लिए झुकी,दीपक की लौ से उसकी साड़ी में आग लग गई। साड़ी ने आग तेजी से पकड़ी। पुजारी ने बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग की लपटों के कारण वह बुझा नहीं सका। इधर शोभा बदहवास होकर मंदिर परिसर में दौड़ लगाने लगी। पुजारी ने समीप स्थित भद्रकाली मंदिर से एक कम्बल लाकर शोभा के शरीर पर डाला,जिससे आग बुझ सकी। लेकिन तब तक शोभा गंभीर रूप से झुलस चुकी थी।

मंदिर के प्रभारी प्रशासक संदीप सोनी के अनुसार जानकारी मिलते ही एम्बुलेंस बुलवाई गई तथा शोभा को शासकीय जिला अस्पताल उपचार के लिए भेजा गया। जिला अस्पताल से शोभा को इंदौर के निजी अस्पताल में रैफर किया गया। महिला की हालत समाचार लिखे जाने तक स्थिर थी। संदीप सोनी के अनुसार उनके द्वारा इंदौर के निजी अस्पताल से सम्पर्क बना हुआ है तथा वे शोभा के स्वास्थ्य का हालचाल जान रहे हैं।

Top