You are here
Home > Uncategorized > भाजपा पर लगे मीडिया मैनेजमेंट के आरोप, पार्टी पदाधिकारी ने किया कटघरे में खड़ा

भाजपा पर लगे मीडिया मैनेजमेंट के आरोप, पार्टी पदाधिकारी ने किया कटघरे में खड़ा

मामला सीधी लोकसभा क्षेत्र का

सीधी – लोकसभा चुनाव के लिए जारी आदर्श आचार संहिता के दौरान भाजपा पर मीडिया मैनेजमेंट का बड़ा आरोप लगा है। आश्चर्यजनक यह है कि आरोप विपक्षी दल कांग्रेस ने नहीं लगाया है, बल्कि भाजपा के ही एक युवा नेता ने यह मामला उठाया है। सोशल मीडिया पर जारी हुए भाजपा नेता के इस बयान के बाद कांग्रेस सक्रिय हो गई है। वह अब इस मामले को लेकर कलेक्टर से शिकायत करने की तैयारी कर रही है।
मामला सीधी लोकसभा क्षेत्र से जुड़ा है। यहां चुनाव प्रचार के दौरान आने वाले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कवरेज के लिए मीडिया को मैनेज करने की बात इस वीडियो में कही गई। बताया जा रहा है कि भाजपा के खिलाफ आरोप लगाने वाला यह युवा सिंगरौली का भाजपा मीडिया प्रभारी है। सोशल मीडिया पर जारी किए गए इस वीडियो में मीडिया मैनेजमेंट का आरोप लगाते हुए उन मीडियाकर्मियों के नाम भी गिनाए गए हैं, जिन्हें भाजपा ने कवरेज के लिए राशि पहुंचाई है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर जहां भाजपा सकते में है, वहीं कांग्रेस इसे लेकर मुखर दिखाई दे रही है।
सीधी लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश्वर पटेल ने कहा कि यह भाजपा की आदत है। वह सत्ता का दुरुपयोग कर मीडिया को अपने शिकंजे में कसी हुई है। जिसके चलते असल बात जनता तक पहुंच ही नहीं पाती। पटेल ने कहा कि भाजपा अपने हश्र को भांप चुकी है, इसीलिए वह न सिर्फ मीडिया, बल्कि वोटर्स को भी खरीदने में जुटी हुई है। इधर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद सिंह चंदेल ने कहा कि भाजपा की करतूत की पोल इस वायरल वीडियो ने खोल दी है। इस मामले को लेकर कलेक्टर से शिकायत की जा रही है।

Top