You are here
Home > Uncategorized > बीजेपी के सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का टोटा

बीजेपी के सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का टोटा

खाली रही कुर्सियां, लोकसभा चुनाव प्रभारी ने बंद कमरे में ली क्लास

भिंड – भिण्ड में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित संयुक्त मोर्चा सम्मेलन आर्य नगर स्थित आवंतीबाई छात्रावास में आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में ज्यादातर कुर्सियांखाली नजर आई। वहीं इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं लोकसभा संभागीय कलस्टर भूपेंद्रसिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल नहीं हुए। कार्यकर्ताओं की दूरियां बनाने पर लोकसभा प्रभारी लोकेंद्र पारासर ने बंद कमरें में प्रभारियों और पदाधिकारियों की क्लास ली और नाराजगी व्यक्त की।
भिंड-दतिया लोकसभा सीट पर काबिज रहने के लिए बीजेपी हर स्तर पर रणनीति तैयार कर रही है। परंतु बीजेपी की रणनीति की हवा उस समय निकलती दिखाई दी जब साेमवार को बीजेपी द्वारा संयुक्त मोर्चा सम्मेलन में कार्यकर्ता कम शामिल हुए। ज्यादातर कुर्सियां खाली नजर आई। यहां बीजेपी के मण्डल से लेकर बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ शामिल होने की बात कही गई थी। परंतु पार्टी और संगठन का यह प्रबंधन फेल होता साबित हो रहा है। सोमवार को भाजपा द्वारा संयुक्त मोर्चा सम्मेलन का आयोजन किया गया था। शहर के आवंतीबाई छात्रावास में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रुप में संभागीय क्लस्टर भूपेन्द्र सिंह शामिल होने वाले थे, लेकिन अचानक से उनके कार्यक्रम में बदलाव आया और वह इसमें शामिल होने नही पहुंचे।
ज्ञात हो कि आयोजित हो रहे संयुक्त मोर्चा सम्मेलन में बेहद कम संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। इसकी जानकारी जैसे ही मुख्य अतिथि भूपेन्द्र सिंह को हुई तो उन्होने इसमें शामिल होने से सीधे तौर पर मना कर दिया। इस बीच पार्टी के निर्देश के तहत उक्त कार्यक्रम का अयोजन संपन्न किया गया। इस अवसर पर पार्टी जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया, लोस संयोजक अवधेश सिंह कुशवाह, केशव सिंह भदौरिया, महिला मोर्चा अध्यक्ष आभा जैन, कृष्णकांता तोमर, संजीव कांकर सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

पार्टी से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संयुक्त मोर्चा सम्मेलन कार्यकर्ता न पहुंचने से 2 घण्टा देरी से शुरु हो सका। यहां कार्यकर्ता की संख्या तीन अंक में भी नहीं हो सकी। कार्यक्रम में शामिल भीड़ में शामिल लोगों को अंगुलियों पर गिने जा सके। उल्लेखनीय है कि आयोजित हो रहे सम्मेलन में भोजन व्यवस्था संभालने वाले हलवाई को मिलाकर कुल 87 व्यक्ति ही शामिल हुए थे। संपन्न हुए कार्यक्रम में सबसे अधिक संख्या महिला मोर्चा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की रही। इसके अलावा किसान मोर्चा सहित चुनिंदा पार्टी कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए थे।

चुनाव प्रभारी ने जताई नाराजगी

संयुक्त मोर्चा सम्मेलन की जिम्मेदारी संभाल रहे संभागीय चुनाव प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। जहां उन्होने कार्यकर्ताओं की बेहद कम संख्या को देख कर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे बड़ी लापरवाही माना। इस दौरान उन्होने स्वयं कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को संभालते हुए उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उन्होने इस अव्यवस्था को लेकर आपत्ति जताते हुए कार्यक्रम स्थल पर ही बंद कमरे में पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर कर दी। हालांकि इस आयोजन को बीजेपी द्वारा सफल बताते हुए इसको लेकर अपने सोशल मीडिया अकाउण्ट से समाचार जारी करते हुए मंच के आसपास के फोटो भी अपलोड किए गए हैं।

Top