You are here
Home > Uncategorized > 14-15 सीटों पर युवाओं को मौका, बाकी सीटों पर सीनियर नेताओं को टिकट: कांग्रेस

14-15 सीटों पर युवाओं को मौका, बाकी सीटों पर सीनियर नेताओं को टिकट: कांग्रेस

भोपाल – मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों के लिए कांग्रेस ने टिकट का 50-50 का फॉर्मूला तय कर लिया है। कांग्रेस 29 में से 14 से 15 सीटों पर युवाओं को टिकट देगी। बाकी सीटों पर सीनियर लीडर्स को चुनाव लड़वाएगी। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के दौरान कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने इसकी जानकारी दी है। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के चुनाव लड़ने से इंकार करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। पार्टी जिसे कहेगी उसे चुनाव लड़ना होगा। पार्टी का फैसला ही अंतिम होगा।
बैठक में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष रजनी पाटिल और सदस्य परगट सिंह और कृष्णा अल्लावेरू मुख्य रूप से मौजूद हैं। इस दौरान प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों के लिए नियुक्त समन्वयकों से फीडबैक भी लिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष रजनी पाटिल संभावित उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट बंद लिफाफे में ले जाकर पार्टी आलाकमान के सामने रखेंगी।
खजुराहो लोकसभा सीट के प्रभारी संजय यादव ने बताया कि खजुराहो सीट से पार्टी के 19 लोगों ने अपनी दावेदारी के आवेदन दिए हैं। मीटिंग में इसकी जानकारी भी पार्टी पदाधिकारियों को दी गई है। AICC ने हिंदी भाषी राज्यों का क्लस्टर बनाकर स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है। इसमें गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली, दमन और दीव और दादरा व नागर हवेली के लिए तीसरी स्क्रीनिंग कमेटी बनाई गई है। रजनी पाटिल को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, कृष्णा अल्लावुरु और परगट सिंह इसके सदस्य हैं।
सुबह 11 बजे से कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय चुनाव समिति की बैठक हुई। जिसमें चुनाव को लेकर तैयारी और रणनीति पर चर्चा की गई। दूसरी बैठक दोपहर 2 बजे से कांग्रेस के लोकसभा प्रभारियों के साथ हो रही हैं।

Top