You are here
Home > Uncategorized > RSS, भारतीय जनता पार्टी का पूर्वज है, रावण के 100 पुत्र थे, RSS के 150-200 पुत्र हैं – डॉ. गोविंद सिंह

RSS, भारतीय जनता पार्टी का पूर्वज है, रावण के 100 पुत्र थे, RSS के 150-200 पुत्र हैं – डॉ. गोविंद सिंह

RSS का नाम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नहीं, राष्ट्रीय षड्यंत्रकारी संगठन

भोपाल- मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के सीनियर लीडर डॉ. गोविंद सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की तुलना रावण से की है। संघ को षड्यंत्रकारी संगठन बताते हुए उन्होंने कहा- हम पहले ही कहते रहे हैं कि RSS, भारतीय जनता पार्टी का पितृ पुरुष (पूर्वज) है। रावण के 100 पुत्र थे, RSS के 150-200 पुत्र हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने रविवार को भोपाल में अपने आवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, ‘RSS का नाम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नहीं, राष्ट्रीय षड्यंत्रकारी संगठन है। ये षड्यंत्र रचने का काम करता है। भाई-भाई को लड़ाने का काम करता है। धार्मिक उन्माद फैलाने का काम करता है। इसे अंग्रेजी में कहा जाता है RSS। इसका सही नाम है रूमर स्प्रेडिंग सोसाइटी।’

प्रियंका के दौरे को लेकर घबरा गए CM शिवराज

जबलपुर में 12 जून को प्रियंका गांधी का दौरा प्रस्तावित है। इसकी तैयारियों के सवाल पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा- प्रियंका गांधी में देश के लोग इंदिरा गांधी की तस्वीर देख रहे हैं। प्रियंका के आने से हमारे मुख्यमंत्री इतने थर्रा चुके हैं कि उन्होंने जबलपुर जाकर ‘लाड़ली बहना योजना’ चालू की।
उन्होंने जबलपुर जाकर अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि आप पूरी ताकत के साथ प्रियंका गांधी की सभा को असफल कीजिए। गाड़ियां न मिल पाएं। सारी परमिट वाली गाड़ियां चलें, ताकि कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रियंका गांधी की सभा में शिरकत न कर पाएं। शिवराज सिंह चौहान ने संस्कारधानी में असंस्कारित कार्य किया है।
झूठ बोलने में शिवराज सिंह को गोल्ड मेडल मिल जाएगा
मुख्यमंत्री द्वारा ‘लाड़ली बहना योजना’ की राशि एक हजार से बढ़ाकर 3 हजार रुपए किए जाने की घोषणा पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा- उन्होंने अपने कार्यकाल में 30 से 35 हजार घोषणाएं की हैं। अगर असत्य बोलने में, झूठ बोलने में विश्व में कोई प्रतियोगिता हो जाए, तो शिवराज सिंह को गोल्ड मेडल मिल जाएगा। अभी 3 हजार रुपए क्यों नहीं डाले?
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को चार-पांच महीने से सैलरी नहीं मिली। रसोइया का काम करने वालों को सालभर से भुगतान नहीं हुआ। साढे़ तीन हजार करोड़ का कर्जा मध्यप्रदेश पर लाद दिया। अब हर महीने 50 हजार करोड़ महिलाओं को देने के लिए कहां से लाएंगे?

पृथ्वीपुर में BJP ने बूथ कैप्चरिंग कर जीता चुनाव

भिंड चुनाव में बंदूक के प्रयोग को लेकर अपने वायरल वीडियो पर नेता प्रतिपक्ष बोले- ये सच्चाई है। इसमें क्या दिक्कत है? भारतीय जनता पार्टी ने पिछले चुनाव में लाठी, गोली, बंदूक चलाकर अवैध अतिक्रमण किया। बूथ कैप्चरिंग कर मतदान केंद्रों पर कब्जा किया।
मैं खुद पृथ्वीपुर उपचुनाव में रहा हूं। पृथ्वीपुर का चुनाव लाठी-बंदूक के दम पर बूथ कैप्चरिंग करके जीता। उनसे मुकाबला करने के लिए हमें मजबूत कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है, जो भारतीय जनता पार्टी की गुंडई का जवाब दे सकें।

Top