You are here
Home > Nation > अगर विपक्ष एक हो जाए तो भाजपा सत्ता से बाहर हो जाएगी – थरूर

अगर विपक्ष एक हो जाए तो भाजपा सत्ता से बाहर हो जाएगी – थरूर

कांग्रेस नेता ने कहा भाजपा को हराने के लिए विपक्षी एकता जरूरी

कांग्रेस नेता और सांसद शशि थरूर ने आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए विपक्षी एकता पर जोर दिया है।
लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को हराने के लिए विपक्षी दलों के एकजुट होने के कयास लगाए जा रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए ने कहा है कि लोकसभा से राहुल को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद विपक्षी एकता की लहर आई है। यह लहर चौंकाने वाली है। विपक्षी दलों को समझ आने लगा है कि एकता मजबूत बनाती है और फूट हमें कमजोर करती है।

थरूर ने कहा कि 2024 में अगर अधिकांश विपक्षी दल एक साथ आ जाते हैं और एक-दूसरे के वोटों को आपस में नहीं बांटते तो भाजपा के लिए बुरी खबर हो सकती है। इस फॉर्मूले से BJP को 2024 के चुनावों में बहुमत हासिल करना कठिन होगा। BJP ने 2019 के चुनावों में केवल 37 प्रतिशत वोटों के साथ, लेकिन लोकसभा की 60 प्रतिशत से अधिक सीटों के साथ जीत हासिल की।

शशि थरूर ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि BJP इस यात्रा से घबरा गई है। सालों तक BJP ने राहुल गांधी का मजाक उड़ाने की कोशिश की, लेकिन अब उन्हें एहसास हुआ कि वह उनके लिए एक गंभीर खतरा हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या वह 1970 के दशक में अपनी दादी, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ राहुल गांधी की अयोग्यता में समानता देखते हैं। इस सवाल पर थरूर ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि इस ‘निंदनीय अयोग्यता और जेल की सजा’ के बाद जनता की सहानुभूति राहुल गांधी के साथ है। उन्होंने कहा कि लोग महसूस करते हैं कि यह लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है कि प्रमुख विपक्षी दल के प्रमुख नेता को जेल की सजा दी जाए और संसद में आवाज न उठाने दिया जाए।

Top