You are here
Home > Uncategorized > कर्मचारियों को 1 जनवरी 2016 से दिए गए सातवें वेतनमान के अनुरूप अभी तक मकान भाड़ा भत्ता का पुनरीक्षण नहीं दिया गया – कांग्रेस

कर्मचारियों को 1 जनवरी 2016 से दिए गए सातवें वेतनमान के अनुरूप अभी तक मकान भाड़ा भत्ता का पुनरीक्षण नहीं दिया गया – कांग्रेस

कर्मचारी 30 जून को रिटायर होते हैं पर इन्क्रीमेंट नहीं दिया जाता, जबकि 30 जून को 365 दिन का कार्यकाल पूर्ण हो जाता है – कांग्रेस

भोपाल – कर्मचारियों के आर्थिक मामलों को लेकर मंगलवार को सरकार घिर गई। कांग्रेस विधायक कल्पना वर्मा ने सवाल उठाया कि कर्मचारियों को 1 जनवरी 2016 से दिए गए सातवें वेतनमान के अनुरूप अभी तक मकान भाड़ा भत्ता का पुनरीक्षण नहीं दिया गया है। कर्मचारी 30 जून को रिटायर होते हैं पर इन्क्रीमेंट नहीं दिया जाता, जबकि 30 जून को 365 दिन का कार्यकाल पूर्ण हो जाता है।
जबाव में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि कब तक भुगतान किया जाएगा, समय सीमा बताना संभव नहीं है। जो कर्मचारी 1 जुलाई को सेवा में रहते हैं उन्हें ही इन्क्रीमेंट की पात्रता है। 30 जून को रिटायर होने वालों को वेतन वृद्धि की पात्रता नहीं है। इस पर सज्जन सिंह वर्मा, पीसी शर्मा आदि ने कहा, फिर नियम बदल दीजिए। इस पर देवड़ा ने कहा, मामला अभी कोर्ट में है।

ये सवाल भी

जीतू पटवारी के प्रश्न पर जवाब दिया कि सीएम स्वेच्छानुदान में 31 दिसंबर 2022 तक 164 करोड़ रु. 2812 केस में मंजूर हुए। 2022-23 में 200 करोड़ रु. दिए, 190 करोड़ खर्च हुए।
लाड़ली बहना में 1 करोड़ 11 लाख 70 हजार बहनों के खाते में 1117 करोड़ 8 लाख 35 हजार रु. ट्रांसफर हुए।
तीन साल में मुख्यमंत्री ने की 2715 घोषणाएं, चुनावी साल में 592

रामचंद्र दांगी ने सीएम की घोषणाओं को लेकर सवाल पूछा। जबाव में बताया गया कि सीएम ने 15 जून 2020 से 28 जून 2023 के बीच 2715 घोषणाएं की। कितनी पूरी हुई, ये जानकारी एकत्रित की जा रही है। सीएम ने 15 जून से 31 दिसंबर 2020 के बीच 489 घोषणाएं की। 2021 में 880, 2022 में 753 और चुनावी साल के छह महीनों में 592 घोषणाएं की गई। सज्जन सिंह वर्मा ने सीएम निवास में 1 मार्च 2020 से 15 जून 2023 तक हुए आयोजनों पर खर्च की जानकारी मांगी।

जवाब में बताया गया कि इस अवधि में 11 आयोजन में 1 करोड़ 12 लाख रुपए खर्च हुए। वर्मा ने 1 लाख रिक्त पदों पर भर्ती को लेकर सीएम की घोषणा के बारे में सवाल पूछा कि अब तक कितनी भर्तियां हुईं। सीएम द्वारा जवाब दिया गया, जानकारी एकत्रित की जा रही है। छह साल से रुकी पदोन्नतियां कब शुरू होंगी, इसके जबाव में सीएम ने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में है।

इन सवालों के जवाब नहीं

हर्ष विजय गेहलोत द्वारा शिशु मृत्यु दर, बाल मृत्यु दर, प्रति व्यक्ति औसत आय, प्रति कृषक आय को लेकर पूछे गए सवालों में जवाब मिला, जानकारी एकत्रित की जा रही है। पंद्रहवी विधानसभा का यह अंतिम सत्र है। इसलिए इन प्रश्नों की जानकारी अब नहीं आ पाएगी।

शराब की दुकानें कम हुई, बिक्री 8 फीसदी बढ़ी

शराब से आय संबंधी प्रश्न के उत्तर में वाणिज्यिक कर मंत्री देवड़ा ने बताया कि 2022-23 में आबकारी राजस्व आय अधिक थी, जबकि 2023-24 में इसमें कमी आई। इस दौरान शराब की दुकानें भी कम हो गई, लेकिन शराब की बिक्री में 8 प्रतिशत से ज्यादा वृद्धि हो गई।

Top