You are here
Home > Uncategorized > भाजपा को अपना मुख्यमंत्री का चेहरा स्पष्ट करना चाहिये, शिवराज सिंह की घटती लोकप्रियता के कारण वह ऐसा नहीं कर पा रही – जयवर्धन सिंह

भाजपा को अपना मुख्यमंत्री का चेहरा स्पष्ट करना चाहिये, शिवराज सिंह की घटती लोकप्रियता के कारण वह ऐसा नहीं कर पा रही – जयवर्धन सिंह

भाजपा ने नौ साल पहले कहा था कि नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह चौहान किसानों की आय दो गुनी कर देंगे उसका क्या हुआ?

गुना – पूर्व मंत्री और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर बड़ा हमला बोला है। जयवर्धन सिंह ने चुनौती देते हुए कहा कि बिना किसी संकोच के आगामी चुनावों में भाजपा को अपना मुख्यमंत्री का चेहरा स्पष्ट करना चाहिये। शिवराज सिंह की लगातार घटती लोकप्रियता के कारण वह ऐसा कर ही नहीं पा रही है। बल्कि अमित शाह की रूपरेखा के मुताबिक जो यात्राएं प्रदेश में भाजपा निकालने वाली है उसमें भी सभी कददावरों को तरजीह दिये जाने की बात प्रमुखता से कही गई है। आखिर ऐसा क्या कारण है भाजपा इतनी कन्फ्यूजन में क्यों है। जयवर्धन सिंह आज यहां पत्रकारों से रूबरू होते समय आक्रामक मुद्रा में नजर आए। वे सिर्फ यहीं नहीं रूके बल्कि इस कन्फ्यूजन का कारण बताते हुए उन्होंने भाजपा राज में किसानों पर अत्याचार, बेरोजगारों से ना इंसाफी, भ्रष्टाचार, लाडली बहनों से किये तीन हजार के वादे का भी हवाला दे दिया।

  • किसान का भाव 1-2 रूपये किलो तो व्यापारी का 200-300 रू क्यों?
    किसानों पर बात करते हुए जयवर्धन सिंह ने बताया कि जनता को यह अच्छी तरह पता है कि जो वादा भाजपा ने आज से नौ साल पहले किया था कि नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह चौहान किसानों की आय दो गुनी कर देंगे उसका क्या हुआ? इसके उलट भाजपा के राज में किसानों की लागत दोगुनी हो गई है और किसानों की आय आधी ही रह गई है। उन्होंने कहा कि लगभग सभी फसलों के जो दाम यूपीए सरकार के समय थे आज इतने साल बाद भी लगभग वही दाम किसान को मिल पा रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि टमाटर की फसल को देख लें जब किसान के पास फसल होती है तो उसका दाम एक-दो रूपये पहुंच जाता है और जैसे ही वही फसल व्यापारी के पास पहुंचती है तो उसके भाव आसमान 200-300 रूपये किलो तक पहुंच जाते हैं। जयवर्धन ने मीडिया से सवाल पूछा कि ऐसा आखिर क्यों है?
  • प्रदेश में नरेंद्र मोदी को प्रोजेक्ट करना भाजपा की मजबूरी
    जयवर्धन ने कहा कि हमें चिंता इस बात की है कि आखिर भाजपा मुख्यमंत्री के रूप मे शिवराज सिंह का नाम घोषित क्यों नहीं कर रही है। भाजपा की ऐसी क्या मजबूरी है कि जो यात्रा वे निकालने जा रहे हैं उसमें सिर्फ नरेंद्र मोदी को प्रोजेक्ट कर रहे हैं। उन्होंने प्रश्न पूछते हुए कहा कि क्या भाजपा को शिवराज सिंह चौहान पर विश्वास नहीं रहा या उनकी लगातार घटती लोकप्रियता के कारण भाजपा को ऐसा करना पड़ रहा है क्यों कि सभी को मालूम है कि उनके इस कार्यकाल में भी लगातार आदिवासियों के साथ अत्याचार भाजपा सरकार में हुए हैं उससे जनता में जबर्दस्त आक्रोश है।
  • सरकारी भर्ती घोटाला, आदिवासियों पर अत्याचार से है जनता नाराज
    सरकारी भर्तियों में जो अभी घोटाला हुआ है उससे शिक्षित युवा बहुत नाराज है। हर शिक्षित बेरोजगार का यही सवाल है कि ऐसा क्यों है कि जब-जब शिवराज सिंह सत्ता में रहे हैं तो सरकारी भर्तियों में योग्यता के आधार पर भर्ती नहीं हुई बल्कि पैसों के बल पर भर्तियां की गई है। शायद यही सब देखकर भाजपा परेशान है क्योंकि शिवराज सिंह भले ही मुख्यमंत्री हैं लेकिन न तो उनका माहौल है और न ही जनता उन्हें चाह रही है। इसी कारण भाजपा मुख्यमंत्री का नाम नहीं बता पा रही।
  • लाड़ली बहनों को 3 हजार नहीं दिये तो वे कभी माफ नहीं करेंगी
    जयवर्धन सिंह ने व्यंग्य करते हुए कहा कि हर भाषण में शिवराज सिंह वादा करते हैं कि दस तारीख आने वाली है, सारी बहनें इंतजार कर रही थीं कि इस बार तो मामा 3 हजार देंगे। लेकिन उन्होंने इस बार भी नहीं दिये। अब रक्षाबंधन तक और लाडली बहनें इंतजार कर रही है। अब तो बहनों को 3 हजार दे दीजिये। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि अगर चुनावों के पहले बहनों को मामा ने 3 हजार नहीं दिये तो बहनें उन्हें कभी माफ नहीं करेंगी।
Top