You are here
Home > Uncategorized > शिवपुरी में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने भाजपा छोड़ी, कहा-बगैर पैसे दिए यहां कोई काम नहीं होता

शिवपुरी में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने भाजपा छोड़ी, कहा-बगैर पैसे दिए यहां कोई काम नहीं होता

जितेंद्र जैन गोटू के भाई देवेंद्र जैन भाजपा से शिवपुरी और कोलारस से दो बार विधायक रह चुके हैं

भोपाल – शिवपुरी में भाजपा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र जैन गोटू ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। वे प्रदेश सहसंयोजक व्यापार प्रकोष्ठ के पद पर भी थे। उन्होंने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यहां पैसे दिए बगैर कोई काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि जो भी पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का मौका देगी, वह उस पार्टी की ओर चुनाव लड़ेंगे। दरअसल, करीब 2 महीने पहले पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष का कांग्रेस जिलाध्यक्ष को मिठाई खिलाने और माला पहनाने का एक फोटो वायरल हुआ था। तब पार्टी ने उन्हें नोटिस भी दिया था। तब से कयास लगाए जा रहे थे कि वे पार्टी छोड़ने वाले हैं।
इस घोषणा से पहले नाराज चल रहे जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र जैन गोटू को मनाने के लिए भाजपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रभात झा शिवपुरी आए थे। शिवपुरी में प्रभात झा ने जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र जैन गोटू के घर गए थे और वहां भोजन भी किया था। उन्हें मनाने की कोशिश भी की थी, लेकिन उस समय उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी, लेकिन अब भाजपा छोड़ने का ऐलान कर दिया है। भाजपा छोड़ने वाले जितेंद्र जैन गोटू कोलारस के पूर्व विधायक देवेंद्र जैन के भाई हैं। शिवपुरी में पत्ते वालों के नाम से मशहूर जैन परिवार पिछले कई सालों से भाजपा से जुड़ा रहा है। जितेंद्र जैन गोटू के भाई देवेंद्र जैन भाजपा से शिवपुरी और कोलारस से दो बार विधायक रह चुके हैं। फिलहाल देवेंद्र जैन ने भाजपा नहीं छोड़ी है।

प्रेस वार्ता कर दी जानकारी

अब तक सिंधिया समर्थक भाजपा छोड़ रहे थे, लेकिन अब मूल भाजपाई रहे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र जैन गोटू ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। शुक्रवार को जितेंद्र जैन गोटू ने इसकी जानकारी दी। जितेंद्र जैन गोटू ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह आगे किस पार्टी में जाएंगे। उन्होंने सार्वजनिक मंच से कहा कि वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ एक मीटिंग कर डिसीजन लेंगे कि वह किस पार्टी के लिए काम करेंगे।

Top