You are here
Home > Uncategorized > हटा से भाजपा विधायक उमा देवी खटीक की बेटी सारिका खटीक रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाई

हटा से भाजपा विधायक उमा देवी खटीक की बेटी सारिका खटीक रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाई

पन्ना के अमानगंज नगर परिषद की अध्यक्ष हैं सारिका खटीक; बिल भुगतान के लिए मांगे 40 हजार रुपए

पन्ना – पन्ना के अमानगंज नगर परिषद की अध्यक्ष सारिका खटीक रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ी गई है। उन्होंने फरियादी से बिल के भुगतान के नाम पर 40 हजार रुपए मांगे थे। फरियादी ने सागर लोकायुक्त में इसकी शिकायत की थी। जिस पर टीम ने गुरुवार को ये कार्रवाई की। बता दें कि सारिका खटीक दमोह जिले के हटा से भाजपा विधायक उमा खटीक की बेटी हैं।
दरअसल, अमानगंज के रहने वाले राघवेंद्र राज मोदी (35) की लिफ्टर मशीन नगर परिषद अमानगंज में किराए पर लगी थी। इसके लिए 34 हजार किराया तय किया गया था। 4 महीने से बिल का पेमेंट नगर परिषद ने नहीं किया था। कुल 1 लाख 33 हजार 332 रुपए का बिल बकाया था।
राघवेन्द्र राज का आरोप है कि बकाए पेमेंट के लिए जब सारिका खटीक से कहा तो उन्होंने 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। उसने 10 हजार रुपए की पहली किस्त पहले ही दे दी थी। गुरुवार को वह 30 हजार रुपए लेकर पहुंचा था।
फरियादी राघवेंद्र राज उर्फ गुड्डू मोदी ने बताया कि मेरा वाहन नगर परिषद में 33,333 रुपए प्रति माह के अनुबंध पर लगाया गया था। लेकिन जब से सारिका खटीक नगर परिषद की अध्यक्ष बनी। तब से उन्होंने परेशान करना शुरू कर दिया। कभी 5000 तो कभी 7000 रुपए मंथली देने की बात कही। जब ज्यादा परेशान किया जाने लगा तो मैंने सागर लोकायुक्त में शिकायत कर दी।
सागर लोकायुक्त की टीआई रोशनी जैन ने बताया कि हमें शिकायत मिली थी कि भुगतान के एवज में जनप्रतिनिधि पैसा मांग रहे हैं। राघवेंद्र राज मोदी ने सागर में शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर हमने शिकायत का सत्यापन किया। ऑडियो रिकॉर्डिंग कराई और केस दर्ज किया। इसके बाद हमारी टीम ट्रैप करने के लिए आई। हमने नियम अनुसार कार्रवाई करते हुए नगर परिषद की अध्यक्ष सारिका खटीक को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
सारिका खटीक भाजपा की एक बड़ी नेता है। दमोह जिले के एक बड़े राजनीतिक परिवार की पृष्ठभूमि से आती हैं। शादी के पहले सारिका खटीक दमोह जिले से दो बार जिला पंचायत सदस्य भी रह चुकी हैं। फिर उनकी शादी अमानगंज में शारद खटीक से हुई। शादी के बाद वह पन्ना जिले से भाजपा में राजनीति में सक्रिय हो गईं और महिला मोर्चा पदों पर रही हैं। वर्तमान में मंडल की महामंत्री भी हैं और अमानगंज नगर परिषद की अध्यक्ष भी। इनकी मां उमा देवी खटीक हटा विधानसभा से भाजपा की विधायक हैं।

Top