You are here
Home > Nation > सागर से पहाड़ तक बंगाल में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुरू

सागर से पहाड़ तक बंगाल में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुरू

कोलकाता। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा शुरू की गई “भारत जोड़ो यात्रा” की शुरुआत बुधवार को पश्चिम बंगाल में भी हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी के नेतृत्व में दक्षिण 24 परगना के गंगासागर तट पर मौजूद कपिल मुनि आश्रम में पूजा-पाठ के बाद यह यात्रा शुरू हुई है। करीब 1600 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद पार्टी की यह यात्रा आगामी 23 जनवरी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उत्तर बंगाल के कर्सियांग के पहाड़ों पर समापन होगी।यात्रा की शुरुआत में अधीर रंजन चौधरी के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता व सांसद प्रदीप भट्टाचार्य, वयोवृद्ध नेता व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल मन्नान सहित अन्य नेता उपस्थित थे। सैकड़ों की संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता भी इस दौरान मौजूद थे। यात्रा गंगासागर बस स्टैंड से शुरू हुई है जो कचुबेरिया बस स्टैंड तक आज पहुंचेगी। रास्ते में कांग्रेस के और नेता व कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे।

कांग्रेस की इस भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना नहीं है। हालांकि प्रदीप भट्टाचार्य ने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। बहुत हद तक संभव है कि यात्रा के बीच में ये नेता शामिल हों।

Top