You are here
Home > Uncategorized > 40 हजार महिलाओं का दावा, मौजूद थीं दस हजार

40 हजार महिलाओं का दावा, मौजूद थीं दस हजार

इंदौर – प्रदेश सरकार ने गुरुवार को इंदौर के नेहरू स्टेडियम में साड़ी वाकेथॉन का आयोजन किया। यह कार्यक्रम विवादों की भेंट चढ़ गया। अव्यवस्थाओं से परेशान महिलाएं कार्यक्रम शुरू होने के बाद ही स्टेडियम से निकलने लगीं और मुख्यमंत्री मोहन यादव के आने तक कार्यक्रम में दो सौ महिलाएं भी शामिल नहीं थी।
मुख्यमंत्री के आने पर दावा गया कि कार्यक्रम में 40 हजार महिलाएं मौजूद थीं। यह भी बताया गया कि यह कार्यक्रम वर्ल्ड बुक रिकार्ड में दर्ज हो गया है और इसका एक प्रोविजनल प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री मोहन यादव से कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल को दिलवाया गया। अब इस कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं की संख्या और अव्यवस्थाओं पर केंद्र सरकार ने रिपोर्ट तलब की है।

जांच एजेंसियों ने दिया दस हजार का आंकड़ा

केंद्र सरकार ने कार्यक्रम पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। जांच एजेंसियों ने इसमें दस हजार महिलाओं के मौजूद होने का आंकड़ा भेजा है। इसके साथ यह भी बताया है कि कार्यक्रम में कितनी अव्यवस्थाएं थीं जिनकी वजह से महिलाएं परेशान होती रहीं। गृह मंत्रालय के इंटेलिजेंस विभाग के साथ भाजपा की केंद्रीय समिति ने भी इस पर रिपोर्ट मांगी है। मीडिया में प्रकाशित अव्यवस्थाओं की खबरों को भी केंद्र सरकार को भेजा गया है।

कांग्रेस ने भी घेरा

कार्यक्रम पूरी तरह से फेल रहा और लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं के बीच सरकार की किरकिरी हुई। अब कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को ट्वीट करके कहा कि महिलाओं को रोकने के लिए स्टेडियम के गेट नंबर एक पर ताला लगा दिया गया! इसके बाद नाराज महिलाओं ने पत्थर उठा लिए और ताला तोड़ने की कोशिश की! लंबे समय तक आयोजन स्थल पर डर, बेचैनी और घबराहट का माहौल बना रहा! सोशल मीडिया पर फैली सूचनाओं ने परिजनों की चिंताओं को ज्यादा बढ़ा दिया! लाड़ली बहनें कब तक उपेक्षा और अपमान का शिकार होंगी?

Top