You are here
Home > Uncategorized > MP में 4 जगहों से जन आशीर्वाद यात्रा की आंखों-देखी

MP में 4 जगहों से जन आशीर्वाद यात्रा की आंखों-देखी

बुधनी-सोनकच्छ में नहीं जुटी भीड़, जबलपुर में CM के सामने पैराशूट उम्मीदवार का विरोध

जबलपुर/ सीहोर/ निवाड़ी/ देवास – मध्यप्रदेश में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा शुक्रवार को जबलपुर, सीएम के गृहक्षेत्र बुधनी, देवास के सोनकच्छ व खातेगांव और निवाड़ी के पृथ्वीपुर में रही। बुधनी में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, जबलपुर में सीएम शिवराज सिंह, सोनकच्छ में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय और पृथ्वीपुर में प्रदेश के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ने सभा की।

बुधनी-सोनकच्छ में सभा में कुर्सियां खाली रहीं, तो जबलपुर की कैंट विधानसभा में गुटबाजी देखने को मिली। यहां मुख्यमंत्री के सामने कार्यकर्ताओं ने पैराशूट उम्मीदवार का विरोध जताया।

दैनिक भास्कर के चार रिपोर्टर ने चारों जगह के हालात देखे। कुछ जगह तो यात्रा में महिलाओं की भीड़ लाई गई थी। केंद्रीय मंत्री के भाषण के बीच में से ही लोग जाने लगे थे। पढ़िए पूरी ग्राउंड रिपोर्ट…

यात्रा 1 बुधनी: बीच भाषण में से जाने लगे लोग, कार्यकर्ता बिठाते रहे

जन आशीर्वाद यात्रा शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के गृहक्षेत्र बुधनी पहुंची। यात्रा बकतरा से शुरू होना थी, लेकिन गुरुवार रात नर्मदापुरम के पिपरिया में देरी से पहुंचने के कारण रूट में बदलाव किया गया। इसके बाद यात्रा बकतरा के बजाय बुधनी से भैरूंदा (नसरुल्लागंज) के लिए दूसरे दिन साढ़े चार घंटे देरी से शुरू हुई।
यात्रा में केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर मौजूद रहे। उनके इंतजार में करीब 4 घंटे तक लोग बैठे रहे। दोपहर 2 बजे केंद्रीय मंत्री के पहुंचने पर सभा शुरू हुई। तोमर के भाषण के बीच में ही परिसर में लगी कुर्सियां खाली होने लगीं। लोग कुर्सी छोड़कर जाने लगे। भाजपा कार्यकर्ता उन्हें थोड़ी देर रुकने का कह कर बैठाते भी नजर आए।
सभा स्थल पर मौजूद भीड़ में अधिकांश ग्रामीण क्षेत्र से थे, जिन्हें आसपास के गांवों से बस व निजी साधनों से लाया गया था। रथ यात्रा के दौरान पैदल चलने वाले नहीं दिखे। बाइक पर युवा नजर आए।
दोपहर 2.30 बजे भाषण खत्म होने के बाद यात्रा प्रारंभ हुई। कई बाइक सवार युवक भाजपा का झंडा और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का चेहरा लगी टीशर्ट पहने आगे बढ़े।
लोगों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा वाहन में केंद्रीय मंत्री तोमर, उद्योग मंत्री जयवर्धन सिंह दत्तीगांव, सांसद रमाकांत भार्गव, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर, युवा नेता कार्तिकेय चौहान, जिला अध्यक्ष रवि मालवीय समेत भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।

दैनिक भास्कर ने केंद्रीय मंत्री से रथ वाहन में बातचीत की। केंद्रीय मंत्री ने कहा- जन आशीर्वाद यात्राएं प्रदेशभर में 5 जगह से प्रारंभ हुई। शाम को सभी यात्राओं की समाप्ति हो गई। करीब 10,500 किमी की यात्रा व 200 से अधिक बड़ी व 600 सभाएं हुई हैं। यात्रा की तरह विधानसभा चुनाव में भी जनता का आशीर्वाद मिलेगा।
सीहोर के बुधनी में बाइक रैली भी निकाली गई। यहां युवा सीएम शिवराज की फोटो लगी टीशर्ट पहने हुए थे।
सीहोर के बुधनी में बाइक रैली भी निकाली गई। यहां युवा सीएम शिवराज की फोटो लगी टीशर्ट पहने हुए थे।
कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा निकालने के सवाल पर तोमर ने कहा कि हम प्रार्थना करते हैं कि कांग्रेस जन आक्रोश रैली निकाले और भाजपा को जन आशीर्वाद यात्रा निकालने का मौका मिलता रहे। सनातन धर्म पर मचे बवाल को लेकर कहा- सनातन अनंत था, है और अनंत रहेगा। सनातन को समाप्त करने का सपना कोई भी देख सकता है, लेकिन अंत करने वाला कोई पैदा नहीं हुआ। कुछ ओछी मानसिकता के लोग ओछी बातें करके अराजक स्थिति बनाना चाहते हैं। भाजपा ऐसे लोगों के मंसूबे सफल नहीं होने देगी। जब तक भाजपा का एक भी कार्यकर्ता जीवित है, तब तक सनातन को कोई कुछ नहीं कर सकता।
यात्रा में साल 2018 की परीक्षा में मेरिट में आने वाले बेरोजगार शिक्षक, शिक्षिकाएं भोपाल, गुना से पहुंचे। सभा स्थल पर सिर पर टोपी व पोस्टर लगाकर नौकरी की मांग की। गुना से आई रक्षा जैन ने कहा 2018 शिक्षक भर्ती में हम चयनित हुए। 18 हजार वर्ग की भर्ती आई थी। आधे पद खाली हैं, लेकिन मंत्री कह रहे हैं कि पूरी भर्ती हो चुकी है। हम मेरिट होल्डर होकर भी दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। लाड़ले भैया (मुख्यमंत्री जी) एक हजार की बात करते है, हमारी डिग्रियों की कीमत एक हजार नहीं, हमें रोजगार चाहिए। बेरोजगारों ने मिलकर केंद्रीय मंत्री तोमर को रथयात्रा पर ही ज्ञापन सौंपा।

यात्रा 2 सोनकच्छ: पूर्व विधायक समर्थक नाराज, नहीं जुटा सके भीड़

गुरुवार रात जन आशीर्वाद यात्रा देवास जिले के सोनकच्छ पहुंची। यहां टोंक कलां से यात्रा शुरू हुई, जो देर रात सोनकच्छ पहुंची। यात्रा में राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय शामिल हुए। देर रात पहुंचने के कारण भाजपाई भीड़ नहीं जुटा पाए।
सोनकच्छ में आयोजित जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संबोधित किया।
सोनकच्छ में आयोजित जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संबोधित किया।
भाजपा के पूर्व विधायक राजेंद्र वर्मा और उनके समर्थकों का गुटबाजी के चलते यात्रा में शामिल नहीं होना भी चर्चा में रहा। राजेंद्र वर्मा का टिकट कटने के बाद उनके समर्थक संगठन से नाराज हैं। इस कारण भी यात्रा को खास समर्थन नहीं मिला। मंच से लेकर पंडाल तक की कुर्सियां खाली पड़ी रहीं।
भाजपा संगठन की पहली सूची में जैसे ही राजेश सोनकर का टिकट फाइनल हुआ, तब से ही पूर्व विधायक राजेंद्र वर्मा के समर्थक संगठन से नाराज हैं।
सोनकच्छ में भाजपा ने राजेश सोनकर को उम्मीदवार बनाया है। उसके बाद से ही भाजपा का बड़ा धड़ा पार्टी से नाराज है। इस नाराजगी को लेकर भोपाल भी गए थे।
यहां केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का वाहन रोककर नाराजगी जाहिर की थी। केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा था कि राजेंद्र वर्मा, जनसंघीय नेता फूलचंद वर्मा के पुत्र हैं। उनके साथ पार्टी बुरा नहीं करेगी। इस आश्वासन के बाद भी राजेंद्र वर्मा व उनके समर्थकों ने राजेश सोनकर के जनसंपर्क व जन आशीर्वाद यात्रा से दूरी बना रखी है।
भाजपा नेता नरेंद्र सिंह यशोना ने कहा कि हम जनसंघ से इधर-उधर नहीं हुए। राजेंद्र वर्मा ने हारने के बाद भी क्षेत्र नहीं छोड़ा। उनका टिकट किस आधार पर कटा, पार्टी बता नहीं पाई। पैराशूट उम्मीदवार की एंट्री पार्टी ने कराई जो कि गलत है।

यात्रा 3 जबलपुर: सीएम शिवराज के सामने दिखी गुटबाजी

जबलपुर के दो विधानसभा क्षेत्र पश्चिम और कैंट विधानसभा में शुक्रवार को जन आशीर्वाद यात्रा निकली। मुख्यमंत्री को शाम 4 बजे जबलपुर आना था, लेकिन जैसे-जैसे कार्यक्रम देर होता गया, वैसे-वैसे महिलाएं जाने लगीं। शुरू में तो काफी भीड़ रही, लेकिन शाम होते-होते पंडाल खाली होने लगा। शाम करीब 7 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पश्चिम विधानसभा पहुंचे, तब सिर्फ उनकी सभा में आगे ही भीड़ नजर आई, जबकि पीछे कुर्सियां खाली रहीं।
मुख्यमंत्री को यात्रा में दोपहर 3 बजे पहुंचना था, लेकिन कार्यक्रम लेट हो गया, तो लोगों में ज्यादा रुचि नहीं दिखी। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के टिकट के लिए कई दावेदार हैं। इन दावेदारों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए अलग-अलग मंच लगाए। गौतम जी की मड़िया से यात्रा की शुरुआत हुई थी, यह मंच भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रभात साहू का था। इसके बाद फिर पूर्व IAS वेद प्रकाश, भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पांडे, पूर्व मंत्री हरेंद्रजीत सिंह बब्बू ने भी अपने-अपने मंच लगाए थे।
यात्रा के दौरान पेशे से इलेक्ट्रीशियन हरीश ठाकुर हनुमान जी की वेशभूषा में नजर आए। उन्हें पूर्व आईएएस वेदप्रकाश ने बुलवाया था। गौतम जी की मड़िया के पास सीएम हनुमान जी की पूजा कर मुख्यमंत्री वापस मंच पर लौट रहे थे। इस दौरान एक बच्चा शिवराज मामा बोल रहा था। आवाज सुनते ही सीएम ने उसे बुलाकर गले लगा लिया।
वहीं, कैंट विधानसभा से वर्तमान विधायक अशोक रोहाणी के बाद दूसरे दावेदार भाजपा नगर महामंत्री और पूर्व नगर उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा का नाम सामने आ रहा था। वहीं, यात्रा के दौरान राजेश मिश्रा का मात्र एक बैनर दिखा। जहां उन्होंने दो दर्जन कार्यकर्ताओं के साथ स्वागत मंच सजाया। इसमें प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष सहित सांसद राकेश सिंह राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि और नगर अध्यक्ष प्रभात साहू की फोटो थी।
भाजपा नगर उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा का कहना है कि यात्रा में हमारे मुखिया शिवराज सिंह चौहान आ रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि अशोक रोहाणी हमें कार्यकर्ता नहीं मानते। यदि वह हमें कार्यकर्ता मानते, तो उनकी फोटो भी बैनर में होती। उन्होंने कहा- मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। संगठन ने मुझे यात्रा में शामिल होने के लिए कहा है, इसीलिए स्वागत मंच लगाया है।

Top