You are here
Home > Uncategorized > लक्ष्मण सिंह ने मांगा राघव-परिणीति की शादी खर्च का हिसाब

लक्ष्मण सिंह ने मांगा राघव-परिणीति की शादी खर्च का हिसाब

कांग्रेस विधायक बोले- करोड़ों रुपए खर्च होंगे; कालाधन कहां से आ रहा? केजरीवाल बताएं

गुना – गुना की चांचौड़ा विधानसभा से कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्‌ढा और एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा की शादी के खर्च का हिसाब मांगा है। चांचौड़ा में कार्यकर्ताओं की मीटिंग के दोरान उन्होंने कहा, ‘शादी में 10 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होंगे। यह कालाधन कहां से आ रहा, केजरीवाल बताएं।’
विधायक ने आगे कहा, ‘उदयपुर के जिस होटल में राघव-परिणीति शादी कर रहे हैं, वहां के एक कमरे का किराया 30 से 40 हजार रुपए प्रतिदिन है। आम आदमी पार्टी के पास इतना पैसा कहां से आया? अरविंद केजरीवाल भी शादी अटेंड करेंगे। उन्हें जवाब देना चाहिए।
लक्ष्मण सिंह, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के छोटे भाई हैं। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों I.N.D.I.A का हिस्सा हैं।
लक्ष्मण सिंह का यह बयान इसलिए भी मायने रखता है, क्योंकि गुरुवार को चांचौड़ा से BJP की पूर्व विधायक ममता मीणा ने दिल्ली जाकर आम आदमी पार्टी की सदस्यता ले ली है। AAP उन्हें चांचौड़ा से उम्मीदवार बना सकती है। BJP प्रियंका मीणा को उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। वर्तमान में कांग्रेस से विधायक लक्ष्मण सिंह हैं। कांग्रेस ने अभी सूची जारी नहीं की है।

प्रदेश में 140 सीट के साथ कांग्रेस सरकार बनने का दावा

विधायक लक्ष्मण सिंह ने 140 सीट के साथ मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि BJP की जन आशीर्वाद यात्रा की असफलता के चलते कांग्रेस की सीट बढ़ रही हैं। चांचौड़ा में तीसरा मोर्चा तैयार होने के सवाल पर लक्ष्मण सिंह आश्वस्त नजर आए और चौथे मोर्चे को भी चुनावी मैदान में कूदने की चुनौती दे डाली है।
उन्होंने यह भी कहा कि अब लोक लुभावन योजनाओं का कोई फायदा होने वाला नहीं है। यह बात प्रदेश के अधिकारी भी समझ गए हैं, इसीलिए उन्होंने भाजपा नेताओं का फोन उठाना भी बंद कर दिया है। भाजपा ने जनता से जितने झूठ बोले हैं, उनका हिसाब लेगी।

Top