You are here
Home > Uncategorized > युवक की मौत के बाद किसानों ने दिल्ली मार्च रोका

युवक की मौत के बाद किसानों ने दिल्ली मार्च रोका

अंबाला – खनौरी बॉर्डर पर बुधवार को युवक की मौत के बाद किसानों ने दिल्ली मार्च फिलहाल रोक दिया है। किसान मजदूर मोर्चा (KMM) कोऑर्डिनेटर सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि 2 दिन हम रणनीति बनाएंगे। 23 फरवरी को अगला फैसला लिया जाएगा। आंदोलन के 10वें दिन शंभू और खनौरी बॉर्डर पर हालात सामान्य हैं। खनौरी बॉर्डर पर बुधवार यानी 21 फरवरी को किसानों और पुलिस बीच टकराव हुआ था। यहां युवा किसान शुभकरण सिंह की मौत हो गई थी। आज किसानों ने शुभकरण की फोटो लेकर नारेबाजी की।
सरवण पंधेर ने आज एक तस्वीर जारी की, जिसमें पुलिस फायरिंग करती नजर आ रही है। सरवण ने कहा कि ये तस्वीर दिखाती है कि सीधी फायरिंग की गई है। पंजाब सरकार को हमला करने वालों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करना चाहिए। शुभकरण की मौत के बाद भारतीय किसान यूनियन (कादियां) ने जालंधर-लुधियाना की सीमा पर फिल्लौर में जम्मू-दिल्ली नेशनल हाईवे 2 घंटे के लिए जाम किया। हरियाणा में भारतीय किसान यूनियन (BKU चढ़ूनी) के कार्यकर्ता भी रोड जाम कर धरने पर बैठे। किसान नेता बलदेव सिंह ने कहा- पुलिस ने हमारे कैंपों और ट्रैक्टरों पर हमला किया। 167 किसान घायल हैं। 6 लापता हैं।

Top