पहलवानों ने अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर से लेकर पालिका बाजार तक पदयात्रा की Uncategorized by mpeditor - May 15, 2023May 15, 20230 रेसलर्स बोले- रात धरने में अज्ञात लोग घुसे, फोटो-वीडियो खींची, बाहरी महिलाओं ने साथ सोने की कोशिश की नई दिल्ली – भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर रेसलर्स के धरने का आज 23वां दिन है। इस दौरान सोमवार को रेसलर्स ने जंतर-मंतर से लेकर कनॉट प्लेस और फिर पालिका बाजार तक पदयात्रा की। इस दौरान रेसलर्स ने ‘बृजभूषण को गिरफ्तार करो’ के नारे लगाए। दोपहर को रेसलर्स विनेश फोगाट, साक्षी मालिक और बजरंग पूनिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि बीती रविवार की रात उनके धरने को खराब करने की कोशिश की गई। कुछ बाहरी लोग लगातार धरनास्थल के पास सक्रिय हैं। रेसलर्स ने कहा- कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने हमारी फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग की। हमारे मना करने पर ये सब चीजे चोरी-छुपके खींची गई है। धरनास्थल पर महिला खिलाड़ियों के साथ कुछ बाहरी महिलाओं ने सोने की कोशिश की है। किसी तरह हमने मना कर उन्हें बाहर निकाला। दिल्ली पुलिस इस बात की जिम्मेदारी नहीं लेना चाहती है। इसीलिए मीडिया यहां रहे, ताकि पिछली बार की तरह कोई बात हो तो वह बात तत्काल देशवासियों के सामने आ जाए।साक्षी मलिक ने कहा कि अब यह आंदोलन सिर्फ जंतर-मंतर तक सीमित नहीं रहेगा। जंतर-मंतर को धीरे-धीरे पुलिस ने जेल का रूप दे दिया है। अब ये आवाज देश की गली-गली में तो गूंजेगी ही, बल्कि विदेशों में इसकी लहर दौड़ेगी। विदेशों में जो भी एथलीट हैं। अधिकांश हमारे संपर्क में हैं। इससे पहले धरने में पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह पहुंचे। जहां पहुंच कर उन्होंने खिलाड़ियों का समर्थन किया। साथ ही उन्होंने पहलवानों की बात सुनी। गत दिनों धरने में उनके बेटे हिसार के भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह पहुंचे थे और उन्होंने भी खिलाड़ियों का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि यह सत्याग्रह अब बड़ा रूप ले रहा है। सरकार को इस ओर जल्द ध्यान देना चाहिए।पहलवानों की ओर से केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी समेत 43 भाजपा सांसदों को लिखा गया है कि सत्ता पक्षा की महिला सांसद होने के नाते उन्हें उनसे काफी उम्मीदें हैं। वे उनसे उनकी सहायता करने और उनकी आवाज बनने के साथ उनका सम्मान बचाने की प्रार्थना कर रही हैं। महिला पहलवानों ने भाजपा की महिला सांसदों को जंतर-मंतर पर आने की अपील की। विनेश ने कहा कि वे साथी पहलवानों के जरिए इस पत्र को उनके घरों तक पहुंचाएंगी।