You are here
Home > Uncategorized > इंदौर में दुल्हन के गहने 5 लाख रुपये तक महंगे

इंदौर में दुल्हन के गहने 5 लाख रुपये तक महंगे

5 साल में सोने के दाम में उछाल का असर; लोगों ने ऑप्शन बदला

इंदौर – शादी के सीजन में सोने की कीमत में भारी उछाल है। इससे दुल्हन पक्ष पर आर्थिक बोझ बढ़ने लगा है। इंदौर सराफा बाजार में 2020 के मुकाबले 2024 में दाम काफी बढ़े हैं। व्यापारियों का कहना है कि, शादी की ज्वेलरी के लिए कम से कम 5 लाख रुपये ज्यादा खर्चा करना पड़ रहा है। लोग नया सोना खरीदने से बच रहे हैं। मजबूरी में वह पुराने सोने को रिप्लेस कर रहे हैं।
2020 में दुल्हन की ज्वेलरी खरीदने में 10 लाख का खर्च आता था। अब अप्रैल 2024 में यह खर्च 15 लाख से अधिक हो गया है। महंगाई के कारण खरीददारी के ट्रेंड में भी बदलाव आया है। लोग ऐसी ज्वेलरी खरीद रहे हैं जो दिखने में तो भारी लगती है, लेकिन होती बहुत हल्की है।
सोने के भाव महंगे होने से सबसे ज्यादा असर शादी वाले घरों पर पड़ रहा है। 2020 में दुल्हन की ज्वेलरी​​​​​​ बनवाने में 10 लाख 5 हजार 730 रूपए खर्च आता था। अब यह खर्च 15 लाख 64 हजार 293 रुपये तक पहुंच गया है। बता दें कि इस दाम में 10 प्रतिशत गढ़ाई का रेट भी शामिल है। सराफा व्यापारियों ने बताया, दुल्हन की ज्वेलरी के लिए लोग वर्तमान में 5 ग्राम का टीका, 10 ग्राम की चेन, 5 ग्राम की नथ, 25 ग्राम का हार सेट, 80 ग्राम का कंदोरा और 80 ग्राम की पाटली सेट बनवा रहे हैं। दूल्हे के लिए 10 ग्राम की चेन, 5 ग्राम की ⁠अंगूठी और 15 ग्राम का ब्रेसलेट बनवा रहे हैं।

Top