हो रहा था रेत का अवैध उत्खनन Uncategorized by mpeditor - March 19, 2024March 19, 20240 ठेका कंपनी के कर्मचारी रोकने पहुंचे तो स्थानीय माफिया ने की मारपीट शहडोल – रेत ठेका कंपनी के कर्मचारीयों के साथ स्थानीय रेत माफिया ने मारपीट कर ठेका कंपनी के कर्मचारियों के वाहन में तोड़फोड़ की है। ठेका कंपनी के कर्मचारी रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन रोकने पहुंचे थे। जिस पर स्थानीय माफियाओं ने हमला बोल दिया और मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई, पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मारपीट करने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए।जिले के देवलौंद क्षेत्र के गोपालपुर, जनकपुर और बुढ़वा से स्थानीय माफियाओं के द्वारा रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा था, जिससे ठेका कंपनी को काफी नुकसान हो रहा था। ठेका कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अवैध उत्खनन रोकने का प्रयास किया। परिवहन कर रहे वाहनों को भी ठेका कर्मचारियों ने रोका तभी स्थानीय माफियाओं ने ठेका कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया है।इसके साथ ही साथ वाहन में भी तोड़फोड़ की है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो आरोपी मौके से फरार हो गए। यह वही क्षेत्र है, जहां रेत के अवैध उत्खनन की जानकारी मिलने पर अवैध उत्खनन रोकने पटवारियों का दल पहुंचा था। मामला राजधानी तक पहुंचा, जिसके बाद जिले के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे और कुछ दिनों के लिए अवैध उत्खनन पर रोक लगा दी थी। लेकिन अब फिर से दिनदहाड़े रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि खनिज विभाग सहित पुलिस के मिली भगत से यह कार्य चल रहा है।