You are here
Home > News > कुॅवर अर्जुन सिंह की जयंती पर 5 नवम्बर को राष्ट्रीय मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का आयोजन

कुॅवर अर्जुन सिंह की जयंती पर 5 नवम्बर को राष्ट्रीय मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का आयोजन

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत सरकार के पूर्व मंत्री रहे स्वर्गीय कुॅवर अर्जुन सिंह की जयंती के अवसर पर 5 नवंबर को अर्जुन सिंह सद्भावना मंच, मप्र के तत्वाधान में अखिल भारतीय गुशायरा एवं कवि सम्मेलन ‘यादे अर्जुन सिंह’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री और कार्यक्रम आयोजन समिति के सचिव डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के माध्यम से इस संबंध में जानकारी दी है।

महेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ उपस्थित रहेंगे। आयोजन की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत करेंगे। उत्तरप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी और मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह कार्यक्रम में विशेष अतिथि होंगे।उन्होंने बताया कि राजधानी भोपाल के सेन्ट्रल लाइब्रेरी स्थित मैदान में रात्रि 8 बजे से मुशायरा एवं कवि सम्मेलन में देश के जानेमाने कवि मुनव्वर राना (लखनऊ), मलिक जादा जावेद (दिल्ली), विष्णु सक्सेना (अलीगढ़), शबीना अदीव (कानपुर), हाशिम फिरोजाबादी (फिरोजाबाद), खुर्शीद हैदर (मुजफ्फरनगर), नदीम शाद (दिवबंद), सज्जाद झंझट (रुडक़ी), अनिल चौबे (बनारस), आरिफा शबनम (आगरा), नदीम फारूख (एटा), मन्नान फराज (मुम्बई) एवं कयामदुद्दीन कयाम (खरगौन) की रचनाओं / कलाम से भोपाल की अवाम रूबरू होगी।

इस अवसर पर प्रारंभ में अर्जुन सिंह सद्भावना मंच द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए तीन विभूतियों को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के लिये प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अजय गोयनका, लोकप्रिय गायिका डॉ. अलका निगम तथा सबसे कम उम्र की जिला पंचायत अध्यक्ष सोनम सिंह को अर्जुन सिंह अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।

Top