You are here
Home > Uncategorized > आगर मालवा में भाजपा को बड़ा झटका, पूर्व विधायक संतोष जोशी ने दिया इस्तीफा

आगर मालवा में भाजपा को बड़ा झटका, पूर्व विधायक संतोष जोशी ने दिया इस्तीफा

संतोष जोशी बोले- निर्दलीय चुनाव लड़ूंगा

आगर मालवा – आगर मालवा जिले से भाजपा को बड़ा झटका लगा है। भारतीय जनता पार्टी के सुसनेर विधानसभा से पूर्व विधायक और गो संवर्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष रहे संतोष जोशी ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। जोशी ने सुसनेर विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए जीत का दावा भी किया।
जोशी का कहना है कि वे जितने के बाद नई पार्टी बना सकते हैं। पूर्व विधायक संतोष जोशी ने संघ के पूर्व प्रचारकों के साथ पार्टी बनाकर भी चुनाव लड़ने की बात कही है। जोशी सुसनेर विधानसभा से 2008 में विधायक व मध्यप्रदेश गौ संवर्धन बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष के साथ ही करीब 18 वर्ष तक संघ के प्रचारक भी रहे है।
सुसनेर विधानसभा के विगत 10 वर्षों के विधायकों के कार्यकाल से नाराज होकर उन्होंने इस्तीफा दिया है। जोशी का कहना है कि वे लगातार क्षेत्र में घूमते हैं, उन्होंने देखा है कि क्षेत्र में अराजकता का माहौल है और लोगों में निराशा है, लोगों की भावना है कि वह चुनाव लड़े क्यों कि उनके पूर्व कार्यकाल के नेतृत्व को जनता ने स्वीकारा है।

भाजपा टिकट देगी, तो चुनाव लड़ेंगे

संतोष जोशी से जब यह पूछा गया कि अगर भारतीय जनता पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का मौका देती है तो वह क्या करेंगे? संतोष जोशी ने जवाब दिया कि फिलहाल उन्होंने इस्तीफा दे दिया है और वह निर्दलीय चुनाव लड़ने का मन बना चुके हैं।
संतोष जोशी ने चुनावी मुद्दों को लेकर कहा कि क्षेत्र में संतरा बहुत है, जिसके लिए प्रोसेसिंग यूनिट, उद्योगों का विस्तार और बेरोजगार घूम रहे युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था करने के मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे। संतोष जोशी ने बताया कि उनके कार्यकाल में किटखेड़ी बांध बनाया गया था जो 6 माह में बनकर तैयार हो गया था। इससे प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा भी मिला और नई जगह पर उन्हें विस्थापित भी कर दिया गया था। लेकिन कुंडलिया डैम के प्रभावित किसानों को अब तक दर-दर भटकना पड़ रहा है।

Top