You are here
Home > News > कांग्रेस विधायक विजयलक्ष्मी साधौ के साथ पुलिस की बदसलूकी, गला दबाया और धक्का-मुक्की की

कांग्रेस विधायक विजयलक्ष्मी साधौ के साथ पुलिस की बदसलूकी, गला दबाया और धक्का-मुक्की की

साधौ महेश्वर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल के काफिले के रास्ते में मांगों की तख्ती लेकर खड़ी थीं

महेश्वर – मध्यप्रदेश के महेश्वर में पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक विजयलक्ष्मी साधौ के साथ पुलिस ने धक्का-मुक्की की और उनका गला दबाया। साधौ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल के काफिले के रास्ते में मांगों की तख्ती लेकर खड़ी थीं। सीएम के आने से पहले ही पुलिस टीम ने साधौ और उनके समर्थकों को घेर लिया। पुलिस ने विधायक और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। साधौ ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मेरा गला दबाया।
CM शिवराज शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती और महिला सम्मेलन के मौके पर महेश्वर आए थे। उनका और राज्यपाल का काफिला वीआईपी रोड से गुजरना था। वहां पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय विधायक साधौ अपने समर्थकों के साथ जुटी थी। उनके हाथों में मेडिकल कॉलेज की मांग और निमाड़ उत्सव के आयोजन की मांग वाली तख्तियां थी।
पुलिस ने काफिल के आने से पहले ही विधायक को पकड़कर पुलिस वाहन में बैठाने की कोशिश की। वो वाहन में बैठने से इनकार कर रही थीं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें जबरन वहां से दूर ले जाना चाहते थे। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़कर पीछे की ओर धक्का दे दिया। उन्होंने विधायक को जबरन वाहन में बैठाया और थाने ले गए। साथ की कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
कांग्रेस विधायक विजयलक्ष्मी साधौ ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मेरा गला दबाया। उन्होंने ट्वीट किया कि ‘आज महेश्वर में बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर जी की जन्म जयंती के दिन दलितों के हितों का झूठा दिखावा करने वाली, प्रदेश की तानाशाही शिवराज सरकार ने किस तरह जनता के हितों की आवाज़ उठाने पर एक दलित की बेटी “लाड़ली बहना” का गला दबाकर जनता की आवाज़ को रोकने की कोशिश की। मेरी आवाज़ जनता की आवाज़ है, यह गला मेरा नही लोकतंत्र का दबाया जा रहा।
कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ की गिरफ्तारी को लेकर कमलनाथ ने कहा है कि अस्पताल निर्माण की मांग करने पर जिस तरह दलित समाज से कांग्रेस विधायक को गिरफ़्तार किया गया, उससे शिवराज सरकार का दलित विरोधी और जनविरोधी चेहरा उजागर हो गया है। मैं इस गिरफ़्तारी की निंदा करता हूं।

Top