You are here
Home > Uncategorized > भारत जोड़ो न्याय यात्रा का 62वां दिन

भारत जोड़ो न्याय यात्रा का 62वां दिन

पालघर में राहुल गांधी बोले- मेहनत करने में महिलाएं कभी पीछे नहीं हटतीं, उनके लिए गृहलक्ष्मी न्याय गारंटी

मुंबई – कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का शुक्रवार (15 मार्च) को 62वां दिन है। आज यात्रा महाराष्ट्र के पालघर पहुंची। यहां राहुल गांधी ने कहा, ”घर हो या दफ्तर, मेहनत करने में महिलाएं कभी पीछे नहीं हटतीं और उनकी इसी मेहनत को कांग्रेस की ‘गृहलक्ष्मी न्याय गारंटी’ का सलाम है। भावी ​पी​ढ़ी के पालन पोषण के लिए पूरा देश नारी शक्ति का कृतज्ञ है। साल की 1 लाख रुपये की राशि न केवल उन्हें मजबूत करेगी, ​बल्कि एक झटके में गरीबी का खात्मा भी करेगी।”
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि आपसे (जनता) से चौबीसों घंटे चोरी हो रही है और आप लोग केवल सिर हिला रहे हैं। देश की 88 फीसदी आबादी को देश में भागीदारी नहीं है। देश की हाईकोर्ट में 650 जज हैं। सालों साल केस चलता रहता है। राहुल गांधी ने अग्निवीर योजना पर भी सवाल उठाए।

वहीं, वाडा में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जयराम रमेश ने कहा कि महाराष्ट्र का चरण नंदूरबार से शुरू हुआ था और 16 मार्च को मुंबई में खत्म होने वाला है। ध्रुवीकरण की राजनीति के खिलाफ ‘5 साल, 5 न्याय और 25 गारंटी’ हमारा जवाब रहेगा।

राहुल ने नासिक में ज्योतिर्लिंग की पूजा की ​​​

राहुल गांधी की न्याय यात्रा गुरुवार 14 मार्च को महाराष्ट्र के नासिक में थी। राहुल ने यहां के प्रसिद्ध त्र्यंबकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। हिंदू धर्म की मान्यताओं के मुताबिक, भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक ज्योतिर्लिंग यहां पर स्थित है।

राहुल ने पूजा के बाद गुरुवार दोपहर नासिक से अपनी न्याय यात्रा फिर शुरू की। उन्होंने यहां एक सभा को संबोधित किया और केंद्र सरकार पर देश के लोगों के साथ आर्थिक अन्याय करने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा-कितने पुलिस, IAS-IPS, परीक्षा देने वालों, मजदूरों, छोटे दुकानदारों का कर्ज माफ हुआ? एक रुपया भी नहीं।

सबसे अमीर लोगों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया गया है। यह आर्थिक अन्याय है। भारत में 22 लोगों के पास उतना ही पैसा है, जितना भारत के 70 करोड़ लोगों के पास है। यह अन्याय है। हम इस अन्याय के खिलाफ यह यात्रा निकाल रहे हैं।

Top