You are here
Home > Uncategorized > प्रियंका गांधी के चुनावी शंखनाद किए जाने के बाद मप्र कांग्रेस एक्टिव

प्रियंका गांधी के चुनावी शंखनाद किए जाने के बाद मप्र कांग्रेस एक्टिव

पांच गारंटी को पूरा करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने वरिष्ठ नेताओं के साथ मंथन किया

भोपाल – जबलपुर से कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के चुनावी शंखनाद किए जाने के बाद मप्र कांग्रेस एक्टिव हो गई है। प्रियंका गांधी ने प्रदेश की जनता से पांच गारंटी पूरी करने का वादा किया है। इनमें महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए, 500 रुपए में गैस सिलेंडर, सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली, किसानों की कर्जमाफी और आम जनता के लिए 100 यूनिट तक के बिजली बिल माफ और 200 यूनिट का बिल आधा करने का वादा है।
इन पांच गारंटी को पूरा करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मंगलवार काे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, सज्जन सिंह वर्मा, राजेंद्र कुमार सिंह, सुरेश पचौरी समेत अन्य बड़े नेताओं से चर्चा की। इस दौरान यह बात सामने आई कि नारी सम्मान योजना के आवेदन भरवाए जाने के काम में और तेजी लाई जाए। अब तक कांग्रेस विधायकों और बड़े नेताओं ने लोगों के घर-घर पहुंचकर 56 लाख आवेदन भरवाए हैं। कांग्रेस में वचन पत्र को अंतिम रूप दिए जाने का काम चल रहा है।
प्रियंका गांधी ने पांच गारंटी पूरी करने का वादा किया
महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपए, 500 रुपए में गैस सिलेंडर और बिजली बिल में राहत के अलावा किसानों की कर्जमाफी वचन पत्र का हिस्सा होंगे। कांग्रेस ने वचन पत्र को तैयार करने की जिम्मेदारी पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रहे राजेंद्र कुमार सिंह को सौंपी है। सिंह द्वारा यह भी आकलन किया जा रहा है कि वचन पत्र में शामिल किए गए वादों को सरकार बनने पर कैसे पूरा किया जाएगा, इन पर कितना खर्च होगा। प्रियंका गांधी ने सरकार बनने पर पहली कैबिनेट में पांच गारंटी पूरा करने का वादा किया है। लिहाजा, प्रदेश कांग्रेस होमवर्क करने में किसी तरह की कोताही नहीं बरतना चाहती।

Top