You are here
Home > Uncategorized > दिल्ली जा रहे किसानों को भोपाल में ट्रेन से उतारा

दिल्ली जा रहे किसानों को भोपाल में ट्रेन से उतारा

जबलपुर, नर्मदापुरम में किसान नेता गिरफ्तार; बोले- क्या हम पाकिस्तानी आतंकवादी हैं

भोपाल – दिल्ली में 13 फरवरी से किसान आंदोलन शुरू करने का आह्वान किया गया है। ऐसे में दिल्ली कूच करने से पहले ही किसान नेताओं को रोका जा रहा है। मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम, जबलपुर और ग्वालियर में किसान नेताओं की गिरफ्तारियां हुई हैं। धारा 151 (शांतिभंग) लगाकर किसान संगठनों के पदाधिकारियों को जेल भेजा जा रहा है। उन्हें जमानत नहीं दी जा रही है। भोपाल रेलवे स्टेशन पर रविवार रात दिल्ली जा रहे कर्नाटक के किसानों को उतार लिया गया। इस पर किसान बोले कि क्या हम पाकिस्तानी या आतंकवादी हैं।
बता दें कि संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) और किसान-मजदूर मोर्चा हरियाणा में प्रदर्शन कर रहे हैं। 13 फरवरी को दिल्ली कूच करेंगे। इससे पहले किसानों को रोकने की आखिरी कोशिश के लिए चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय किसानों के साथ आज शाम 5 बजे मीटिंग करेंगे।

नर्मदापुरम में तीन गिरफ्तारियां, ग्वालियर में एक हिरासत में

नर्मदापुरम जिले के पिपरिया से पुलिस ने राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष शिवराज राजोरिया, ब्लॉक अध्यक्ष महेश उपाध्याय और संघ से जुड़े सचिन शर्मा को गिरफ्तार किया। उन्हें एसडीएम कोर्ट से जेल भेज दिया गया। पुलिस को इनपुट मिला था कि तीनों नेता पहले भी दिल्ली के आंदोलन में सहभागी रहे हैं। पुलिस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली और पीएचक्यू भोपाल से इनपुट मिला था कि तीनों किसान नेता साथियों के साथ चक्काजाम कर सकते हैं। ग्वालियर में पुलिस ने शहर से 35 किलोमीटर दूर उटीला थाना क्षेत्र में किसान सतेंद्र यादव को भी हिरासत में लिया है।

जबलपुर पुलिस ने कहा- ASP मिलना चाहते हैं, जेल भेजा

जबलपुर पुलिस ने भी रविवार की देर रात किसान नेता राम रतन यादव को गिरफ्तार किया। गोरखपुर थाना और क्राइम ब्रांच की टीम उनके गोरखपुर स्थित निवास पहुंची। पुलिस ने कहा कि एएसपी सर बात करना चाहते हैं। गोरखपुर थाने लाकर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर दी। किसान नेता ने जब जमानत के लिए कहा तो मना कर दिया गया। यादव के अलावा 7 और किसान नेताओं को जेल भेजा गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने बताया कि यह सभी किसान नेता जबलपुर से किसानों को बरगलाकर दिल्ली ले जाने की तैयारी में थे। इसके चलते उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

रीवा में पार्क में जुटे थे किसान नेता; छिंदवाड़ा में दो पाबंद

रीवा में ऋतुराज पार्क में जुटे किसान नेताओं को पुलिस ने रविवार रात जेल भेज दिया। सभी पर शांतिभंग में कार्रवाई की गई है। संत कुमार पटेल, इंद्रजीत सिंह, अनिल कुमार सिंह, शिव सिंह, शिवपाल सिंह, सोमनाथ कुशवाहा, रामजीत सिंह को तहसीलदार के यहां पेश किया गया था। छिंदवाड़ा एएसपी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि 2 किसान नेताओं पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। इनके नाम छिंगा और बलराम सिंह हैं।

Top