You are here
Home > Uncategorized > नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा को अंगूठा मंत्री कहा

नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा को अंगूठा मंत्री कहा

सिंधिया के बीजेपी में जाने से भाजपा की नाव डूब रही है

भोपाल – मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने अंगूठा मंत्री कहा है। भोपाल में अपने आवास पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री सज्जन व्यक्ति हैं। सरकार और बीजेपी नेताओं ने उनका दुरुपयोग किया है। यह हाल हैं अनुसूचित जाति वर्ग के मंत्री जगदीश देवड़ा का। वो तो केवल दिखाने के लिए बने हुए हैं काम कोई और कर रहा हैं।
नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा- मुझे वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा पर दया आती है। वो वित्तमंत्री नहीं, अंगूठा मंत्री हैं। मुख्यमंत्री के यहां से जो आदेश उनके अधिकारियों द्वारा भेजे जाते हैं। वह(वित्त मंत्री) बेचारे अंगूठा लगा देते हैं। उनकी तो कोई हैसियत ही नहीं है। हमने देखा है वे असहाय से हैं। वे सीधे साधे, भले और सज्जन व्यक्ति हैं। उनकी सज्जनता का दुरूपयोग भाजपा की सरकार और बीजेपी के नेता कर रहे हैं। हमारे पास कई उदाहरण हैं। कई लोग उनके पास जाते हैं। वो कहते हैं मेरी चलती नहीं है। अधिकारी उनके आदेश नहीं मान रहे। उन्होंने कई आदेश दिए लेकिन उनका पालन ही नहीं होता। आदेश जाते हैं और कचरे की टोकरी में फेंक दिए जाते हैं।

सिंधिया के बीजेपी में जाने से भाजपा की नाव डूब रही है

सिंधिया समर्थक रघुराज सिंह धाकड़ के बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा सिंधिया जी का करिश्मा खत्म हो चुका है। सबको पता है कि सिंधिया जी के जाने से भारतीय जनता पार्टी की नाव डूब रही है। उस नाव में कई छेद हो चुके हैं। जो नाव डूबने वाली है उसमें कोई बैठना नहीं चाहता। इसलिए लोग जब नाव डूबती है तो कूदकर जान बचाने के लिए भागते हैं। इसलिए अब उनके साथ गए लोग भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ले रहे हैं।

भेड़-बकरियों की तरह नीलाम हुए नेताओं की नहीं होगी वापसी

सिंधिया समर्थकों इमरती देवी, एदल सिंह कंसाना जैसे नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की खबरों पर डॉ. गोविंद सिंह ने कहा- जो लोग हमारी पार्टी को धोखा देकर गए हैं। 35-35 करोड रुपए में भेड़-बकरियों की तरह नीलाम होकर बिके हैं। उन्हें कांग्रेस पार्टी में कोई स्थान नहीं है। हमें भी कुछ लोगों ने जानकारी दी है कि वे लोग बीजेपी में परेशान हैं। हम लोगों ने निर्णय ले लिया है कि ऐसे लोगों को पार्टी में कोई स्थान नहीं है।

मुख्यमंत्री ने लहार के साथ भेदभाव किया, अब किस हैसियत से जा रहे

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री के लहार दौरे को लेकर कहा- मुख्यमंत्री का करिश्मा खत्म हो चुका है। प्रदेश की जनता उनका चेहरा नहीं देखना चाहती है। मुख्यमंत्री जी लहार किस हैसियत से आ रहे हैं। लहार के साथ उन्होंने पक्षपात किया है। लहार को बर्बाद करने का श्रेय यदि किसी को जाता है तो वह मुख्यमंत्री को जाता है। जो विशेष निधि अभी जारी हुई थी। जहां भारतीय जनता पार्टी की नगरीय संस्थाएं नगर परिषद, नगर पालिका हैं। वहां छोटे-छोटे निकायों को करोड़ों रुपए दे दिए। लेकिन, लहार और गोहद सहित भिंड जिले में जो कांग्रेस पार्टी के नगरीय निकाय हैं। उनको एक रुपए नहीं दिया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा- जिस मुख्यमंत्री का इतना छोटा दिल हो जो संविधान की शपथ लेकर, निष्पक्षता की शपथ ले और पक्षपात की आरी चला रहा हो। ऐसे व्यक्ति को लहार में जनता कैसे स्वीकार करेगी? वह किस हैसियत से लहार में आ रहे हैं वह बताएंगे क्या? मैं यह दावे के साथ कहता हूं कि जनता इनका चेहरा नहीं देखना चाहती।

कलेक्टर कर्मचारियों पर डाल रहे प्रेशर

डॉ. गोविंद सिंह ने आगे कहा कि कलेक्टर कमिश्नर के द्वारा लिखित में आदेश और पत्र जारी किए जा रहे हैं। शिक्षकों से कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री आ रहे हैं। आपको रहना है वरना तुम्हारी नौकरी चली जाएगी। सस्पेंड कर दिए जाओगे। पटवारी, चौकीदार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से लेकर स्कूलों के बच्चों को बुलाया जा रहा है। प्रशासन भारतीय जनता पार्टी का नौकर बन कर काम कर रहा है। अधिकारियों कर्मचारियों पर दबाव डालकर क्यों मीटिंग करना चाहते हैं? लहार आने के लिए हम उनका स्वागत करते हैं लेकिन कुछ करके जाएं। लहार के विकास के लिए कुछ करें।

Top