You are here
Home > Uncategorized > मध्यप्रदेश में एक और चारा घोटाला:उज्जैन में साठगांठ कर चार गुना बढ़ी कीमत पर दिया टेंडर, शिकायत के बाद जांच

मध्यप्रदेश में एक और चारा घोटाला:उज्जैन में साठगांठ कर चार गुना बढ़ी कीमत पर दिया टेंडर, शिकायत के बाद जांच

जो टेंडर पहले 80 लाख रुपए का था, 6 महीने बाद उसके लिए 3 करोड़ 30 लाख रुपए मंजूर किए

उज्जैन – उज्जैन में चारा घोटाला सामने आया है। नगर निगम के अफसरों ने मिलीभगत कर निगम की महिला कर्मचारी के पति को टेंडर दे दिया, वह भी चार गुना बढ़ी कीमत पर। यानी जो टेंडर पहले 80 लाख रुपए का था, 6 महीने बाद उसके लिए 3 करोड़ 30 लाख रुपए मंजूर किए गए। इसमें हर सामग्री की दरें बाजार रेट से 60 से 430 प्रतिशत तक ज्यादा थीं। खुलासा होने पर जांच शुरू कर दी गई है। निविदा समिति के अध्यक्ष रहे अपर आयुक्त से जवाब-तलब किया गया है।
उज्जैन नगर निगम नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने पर जिम्मेदारों के खिलाफ केस दर्ज किया सकता है। उन्होंने कमिश्नर रोशन सिंह से इसकी शिकायत की है। रत्नाखेड़ी में नगर निगम की कपिला गोशाला है। यहां हर साल गायों के लिए चारा और खाद्य सामग्री के लिए निविदा जारी की जाती है।

कैसे हुआ पूरा खेल

बात जनवरी 2021 की है। नगर निगम की निविदा शाखा ने कपिला गौशाला में रहने वाली 700 गायों की खाद्य सामग्री के लिए टेंडर बुलाए। इसमें सूखा चारा, हरा चारा, नमक, गुड़, खली खरीदने के लिए 80 लाख रुपए का टेंडर जारी किया गया। इस प्रोसेस में 8 फर्म ने हिस्सा लिया। इनमें सभी फर्मों ने अपने-अपने हिसाब से रेट रखे।
निगम को तीन अलग-अलग कंपनियों के रेट के आधार पर अलग-अलग खाद्य पदार्थों के लिए टेंडर देना चाहा, जबकि आने वाली फर्मों का कहना था कि अगर आपने टेंडर एक साथ बुलाए हैं, तो एक ही फर्म से सभी सामग्री खरीदिए। यह बात कहते हुए फर्मों ने शर्त मानने से इंकार कर दिया। इसके बाद निगम ने एग्रीमेंट नहीं किया। इनकी सिक्योरिटी मनी भी जब्त कर ली।
टेंडर में सुसनेर की संस्कार एजेंसी ने भी हिस्सा लिया था। चूंकि एजेंसी की रेट बाकी फर्म के मुकाबले कम थीं। इसे देखते हुए 29 नवंबर 2021 को नगर निगम ने संस्कार एजेंसी को दिसंबर 2022 तक सप्लाई का टेंडर दे दिया।

अब अफसरों ने किया पूरा घोटाला

इस बीच, अप्रैल 2022 में निविदा समिति के अध्यक्ष रहे अपर आयुक्त आदित्य नागर ने नया टेंडर जारी किया। इस बार टेंडर की राशि 80 लाख से बढ़ाकर 3 करोड़ 30 लाख कर दी गई। इसके लिए महापौर की स्वीकृति भी नहीं ली गई। यही नहीं, पिछली बार आई आठ फर्मों को ये कहकर हिस्सा नहीं लेने दिया कि आपने निगम व शर्तें नहीं मानी थीं। इसके बाद जून 2022 में फर्म के GEM/2022/B/2395666 ई-टेंडर को सिंगल कॉल किया।
निगम के अपर आयुक्त और निविदा समिति के अध्यक्ष आदित्य नागर ने टेंडर मंजूर कर दिया। यह फर्म गगन रत्नाकर की है, जो लेखा विभाग में काम करने वाली सरिता रत्नाकर (मांडवे) का पति है। गगन ने जो रेट्स डाली हैं, वे पहले से चारा सप्लाई कर ही एजेंसी की रेट्स से 58 से 430 प्रतिशत ज्यादा हैं।
संस्कार एजेंसी ने इस पर आपत्ति ली। कहा- जब कम रेट में आपको सामग्री मिल रही है, तो चार गुना कीमत पर अब टेंडर दे दिया गया है।

नेता प्रतिपक्ष ने की शिकायत

नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने 26 जून 2023 को इसकी शिकायत निगम कमिश्नर से की। इसके बाद 3 नवंबर को निगम कमिश्नर रोशन सिंह ने अपर आयुक्त आदित्य नागर को नोटिस भेजा। अब अपर आयुक्त को इस मामले में जवाब देने के लिए कहा गया है। कमिश्नर ने मामले की जांच स्मार्ट सिटी के सीईओ आशीष पाठक को सौंपी है।
नगर निगम कमिश्नर रोशन सिंह ने बताया कि अपर आयुक्त का जवाब आ चुका है, लेकिन चुनाव के चलते देख नहीं पाए हैं। अभी अवकाश पर हैं। आगामी सोमवार को आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।

गोशाला में कई गायें मरी मिलीं

नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि करीब तीन महीने पहले कपिला गोशाला का निरीक्षण किया था। यहां कई अनियमितताएं पाई गईं। कई गायें भी मरी मिलीं। इसके बाद हमने यहां चारे की व्यवस्था को देखा, तो इसमें भी कई गड़बड़ी मिलीं।

टेंडर में ये है भी आपत्ति-

1- निगम की गोशाला के लिए 60% से 430% अधिक दर पर सिंगल निविदा (टेंडर) कैसे स्वीकृत किया गया?

2- ई-निविदा (टेंडर) क्रमांक UAD_12:7221 द्वारा योग्य पाए गए करीब 8 निविदाकारों को भाग लेने की अनुमति क्यों नहीं दी गई? 8 निविदाकारों की अमानत राशि भी राजसात की गई।

3- एक ओर 8 फर्मों की राशि राजसात की गई, दूसरी ओर बिना अनुबंध इन्हीं फर्म से मार्च 2021 से नवंबर 2021 तक सप्लाई ली गई।

4- क्या निविदा (टेंडर) में प्रस्ताव था कि जिन निविदाकारों को अनुबंध के लिए बोला गया है, उन संस्थाओं को अगले निविदा में पार्टिसिपेट नहीं करने दिया जाएगा? किस नियम के तहत जॉइंट वेंचर की अनुमति का प्रस्ताव दिया गया ,जो वित्तीय नियमों के विरुद्ध है।

5- बिना सूचना महिला कर्मी के पति को टेंडर जारी कर दिया गया। इनके लिए नियम शिथिल किए और बाजार भाव से ज्यादा दरों पर टेंडर दिया गया।

Top