You are here
Home > Nation > सीहोर में कार्यकर्ता बैठक में बोले पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह सामंजस्य, समन्वय और संवाद के साथ संगठन करें मजबूत

सीहोर में कार्यकर्ता बैठक में बोले पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह सामंजस्य, समन्वय और संवाद के साथ संगठन करें मजबूत

पूर्व सीएम ने सीहोर और आष्टा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पढ़ाया एकजुटता का पाठ

सीहोर/ आष्ठा/ भोपाल – मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए समूचे मध्यप्रदेश में विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को पहले दौर में 66 सीटों का जिम्मा सौंपा है जहां कांग्रेस ने तीन-चार बार चुनाव में हार का सामना किया। 66 सीटों के दौरों के बाद पूर्व सीएम बाकी सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इसी क्रम में वे सीहोर जिले के सीहोर विधानसभा क्षेत्र पहुंचे जहां प्रथम सत्र में उन्होंने कांग्रेस के मंडल सेक्टर अध्यक्षों की बैठक ली जिसमें कांग्रेस जनों को बूथ प्रबंधन का पाठ पढ़ाया।
दूसरे सत्र में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह सीहोर विधानसभा क्षेत्र के सभी मोर्चा संगठनों के कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सामंजस, समन्वय और संवाद के साथ संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता है। जिला, ब्लॉक, मंडल और सेक्टर के अध्यक्ष कार्यकर्ताओं से संपर्क करें, चर्चा करें, संवाद करें तब जाकर संगठन चलेगा। उन्होंने कहा कि सीहोर में कांग्रेस कमजोर नहीं है बल्कि केवल सामंजस, समन्वय और संवाद की कमी है। पूर्व सीएम ने कार्यकर्ताओं से कहा टिकिट किसी को भी मिले एकजुटता के साथ पार्टी का काम करें और कांग्रेस को जिताएं।
दोपहर बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सीहोर जिले की आष्टा विधानसभा क्षेत्र में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित मंडल सेक्टर व कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए। आष्टा विधानसभा क्षेत्र के मंडल सेक्टर अध्यक्षों की बैठक में उन्होंने कहा कि एक एक बूथ में मजबूती से पार्टी का काम करें तब जाकर हम विधानसभा जीतेंगे।


कांग्रेस कार्यकर्ता बैठक में पूर्व सीएम ने महिला कार्यकर्ताओं को मंच पर बैठाया, कार्यकर्ताओं को मंच से नीचे कुर्सियों पर बैठाया और वे स्वयं जमीन पर घास पर बैठे। पूर्व सीएम ने कार्यकर्ताओं को खुला मंच दिया और कार्यकर्ताओं ने खुलकर अपने सुझाव भी दिए और शिकायतें भी की। कार्यकर्ताओं को सुनने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने उपस्थित कांग्रेस जनों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्याशी जो भी होगा सब मिलकर उसका ईमानदारी से साथ देंगे। उन्होंने कहा मैं आष्टा के प्रमुख नेताओं से कहूंगा कि जो भी बात हो उसको दूर करो, सम्मान सबको दो, सभी से संपर्क रखो तब जाकर संगठन मजबूत होगा।
सीहोर जिले की सीहोर और आष्टा विधानसभा क्षेत्र की बैठकों में मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामेश्वर नीखरा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलवीर तोमर, जिला प्रभारी करण कुमारिया, सह प्रभारी प्रवीण सक्सेना, पूर्व विधायक रमेश सक्सेना, पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश परमार, पूर्व जनपद अध्यक्ष बलबहादुर सिंह, पार्षद राजीव गुजराती, यूथ कांग्रेस के पूर्व लोकसभा अध्यक्ष बृजेश पटेल सहित अन्य कांग्रेस जन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Top