You are here
Home > Uncategorized > हां, मैं भाजपा और संघ के लिए कोरोना वायरस ही हूं’ – दिग्विजय ने सिलावट के बयान पर पलटवार किया

हां, मैं भाजपा और संघ के लिए कोरोना वायरस ही हूं’ – दिग्विजय ने सिलावट के बयान पर पलटवार किया

भाजपा वोटर लिस्ट में हेरफेर करती है – दिग्विजय

भोपाल – पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंत्री तुलसी सिलावट के कोरोना वाले बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा- हां, मैं भाजपा और संघ के लिए कोरोना वायरस ही हूं। ​​तुलसी सिलावट क्या थे, ये इंदौर के लोग जानते हैं। क्या थे वो? अब क्या हैं, कहां से आया? कौन सा धंधा चलता है तुलसी सिलावट का? ये उनसे पूछिए कि आपका इतना बड़ा धंधा कहां से हो गया। कहां से इतना पैसा आया?
दिग्विजय सिंह ने बुधवार को ये बात इंदौर में कही। यहां उन्होंने कांग्रेस सेवादल के गुरुवार से शुरू होने जा रहे प्रशिक्षण वर्ग का निरीक्षण किया। बता दें कि चार दिन पहले तुलसी सिलावट ने दिग्विजय सिंह को कांग्रेस का कोरोना बताया था।

दिग्विजय बोले- भाजपा वोटर लिस्ट में हेरफेर करती है

कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर मतदाता सूची में हेरफेर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- भाजपा वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करती है। इस गड़बड़ी को पकड़ना होगा। BLO (ब्लॉक लेवल ऑफिसर) भाजपा के नेता बनकर काम कर रहे हैं। जो कि हाई स्कूल भी पास नहीं हैं। वोटर लिस्ट में नाम काटने और जोड़ने का काम BLO के पास ही होता है।

दिग्विजय ने कहा कि 20 साल के कुशासन को जनता अब उखाड़ फेंकने वाली है। कांग्रेस को लोग पसंद करने लगे हैं। फसल पक गई है। समय रहते काट लें, नहीं तो चोर फसल चोरी कर निकल जाएगा।

भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण पर लगाए गंभीर आरोप

दिग्विजय सिंह ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर महिला पहलवानों के आंदोलन का जिक्र करते हुए भाजपा के पूर्व सांसद व भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस की एक लड़की कांग्रेस के ही नेता के खिलाफ बयान देती है और तो एफआईआर हो जाती है। राहुल गांधी जब अपने बयान में एक लड़की का जिक्र करते हैं तो पुलिस उनसे पूछताछ करने पहुंच जाती है, लेकिन जब देश की महिला रेसलर जिनको खुद प्रधानमंत्री ने सम्मानित किया है, जिन्होंने देश का झंडा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लहराया था। जब वह यौन शोषण का आरोप भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह पर लगाती हैं तो उसके खिलाफ एफआईआर क्यों नहीं दर्ज हुई। इसलिए क्योंकि वो भाजपा का नेता है। इसको हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। कांग्रेस इस मामले में महिला पहलवानों के हक की लड़ाई लड़ती रहेगी।

Top