You are here
Home > Nation > नेहरू के हाथ में तिरंगा वाली तस्वीर को कांग्रेस नेताओं ने बनाया सोशल मीडिया प्रोफाइल पिक

नेहरू के हाथ में तिरंगा वाली तस्वीर को कांग्रेस नेताओं ने बनाया सोशल मीडिया प्रोफाइल पिक

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के हाथ में तिरंगे वाली तस्वीर को आज अपने सोशल मीडिया की प्रोफाइल पिक बनाया है। प्रधानमंत्री ने हाल ही में लोगों से अपील की थी कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ से पूर्व लोग तिरंगे को अपना प्रोफाइल पिक बनाएं।राहुल गांधी ने अपनी ट्विटर प्रोफाइल फोटो को बदला और लिखा, “देश की शान है, हमारा तिरंगा हर हिंदुस्तानी के दिल में है, हमारा तिरंगा।” इसके अलावा कांग्रेस ने अपने अधिकारिक खाते की भी तस्वीर को बदल दिया।

आज कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के तिरंगा रैली से किनारा करते हुए देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की हाथ में तिरंगा वाली फोटो सोशल मीडिया पर साझा की।इस मौके पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि तिरंगा हमारे दिल में है, लहू बनकर हमारी रगों में है। 31 दिसंबर, 1929 को पंडित नेहरू ने रावी नदी के तट पर तिरंगा फहराते हुए कहा था, ‘अब तिरंगा फहरा दिया है, ये झुकना नहीं चाहिए’। रमेश ने लोगों से आवाहन किया कि आइए हम सब देश की अखंड एकता का संदेश देने वाले इस तिरंगे को अपनी पहचान बनाएं।

इसी बीच संस्कृति मंत्रालय की ओर से बुधवार को लाल किले से संसद भवन तक ‘‘तिरंगा बाइक रैली’’ का आयोजन किया गया। इस यात्रा पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने सवाल खड़े किए हैं। चौधरी ने भाजपा पर सरकारी आयोजन को पार्टी का आयोजन बनाने का आरोप लगाया है ।उल्लेखनीय है कि आज संस्कृति मंत्रालय की ओर से लाल किले से संसद तक ‘‘तिरंगा बाइक रैली’’ निकाली गई। इस रैली में सिर्फ भाजपा नेता ही शामिल हुए। विपक्षी दलों ने इस आयोजन से किनारा कर लिया है।

Leave a Reply

Top