You are here
Home > Uncategorized > राहुल गांधी ने झारखंड में यात्रा का 21वां दिन शुरू किया, भाजपा और RSS पर निशाना साधा

राहुल गांधी ने झारखंड में यात्रा का 21वां दिन शुरू किया, भाजपा और RSS पर निशाना साधा

रांची – कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 21वें दिन शनिवार को झारखंड के देवघर पहुंचे। उन्होंने यहां बाबा वैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। राहुल इस दौरान गुलाबी धोती पहने और माथे पर चंदन लगाए नजर आए।
इससे पहले आज सुबह राहुल की यात्रा गोड्डा से शुरू हुई। सरकंडा में उन्होंने लोगों से बातचीत में भाजपा और RSS पर नफरत फैलाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अरबपतियों का कर्ज माफ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड में चुनी हुई सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है।
राहुल ने कहा- हमारी लड़ाई BJP-RSS के लोगों के दिल में भरी नफरत और डर के खिलाफ है। ये लोग नफरत की राजनीति करते हैं। ये लोग एक जाति को दूसरी जाति से, एक धर्म को दूसरे धर्म से और आदिवासियों को गैर-आदिवासियों से लड़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इसी नफरत के खिलाफ हम भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर सबको जोड़ने और मोहब्बत की दुकान खोलने झारखंड आए हैं। PM मोदी ने अरबपतियों का कर्ज माफ किया है, लेकिन किसानों का कर्ज कभी माफ नहीं हो सकता। कांग्रेस की सरकार में किसानों का 72 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ हुआ था।
राहुल की न्याय यात्रा 2 फरवरी की शाम बंगाल से झारखंड के पाकुड़ पहुंची थी। इस दौरान झारखंड के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने उनका स्वागत किया। राहुल झारखंड में न्याय यात्रा के लिए 8 दिन रहेंगे और 13 जिलों में सफर करेंगे। पाकुड़ में राहुल ने लोगों से बात की और झारखंड की राजनीतिक अस्थिरता के लिए भाजपा को दोषी ठहराया।
राहुल ने कहा- भाजपा ने एक बार फिर उस सरकार को तोड़ने और अस्थिर करने की कोशिश की, जिसे झारखंड के लोगों ने चुना था। हालांकि, I.N.D.I.A ने भाजपा की साजिश को सफल होने नहीं दिया। भाजपा के पास मनी पावर और जांच एजेंसियां है, लेकिन कांग्रेस उनसे डरती नहीं हैं। भाजपा की फूट डालने वाली विचारधारा के खिलाफ कांग्रेस लड़ती रहेगी।

Top