You are here
Home > Uncategorized > मध्यप्रदेश में कांग्रेस सभी 230 विधानसभाओं में सुंदरकांड और रुद्राभिषेक कराएगी

मध्यप्रदेश में कांग्रेस सभी 230 विधानसभाओं में सुंदरकांड और रुद्राभिषेक कराएगी

हर विधानसभा में 108 सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा

भोपाल – मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस ने नया धार्मिक प्रयोग शुरू किया है। अब पार्टी सभी 230 विधानसभाओं में सुंदरकांड और रुद्राभिषेक कराएगी। मध्यप्रदेश कांग्रेस धर्म एवं उत्सव प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ऋचा गोस्वामी का कहना है कि दो साल पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इस प्रकोष्ठ की स्थापना की थी। पहली बार किसी राजनीतिक दल ने धर्म को इंगित करते हुए किसी प्रकोष्ठ का गठन किया था। इसके अंतर्गत दो साल में करीब 30 से ज्यादा बड़े धार्मिक आयोजन किए हैं। इसके तहत भागवत कथा, रासलीला और शिवपुराण जैसे आयोजन किए गए हैं।

हर विधानसभा में 108 सुंदरकांड करवाएंगे

ऋचा गोस्वामी ने कहा- हम सभी 230 विधानसभाओं में 108 सुंदरकांड के पाठ करवाएंगे। साथ में रुद्राभिषेक के आयोजन भी किए जाएंगे। जगह-जगह रासलीला, भागवत कथाएं करवाई जाएंगी। इसका उद्देश्य है कि कोई भी पार्टी धार्मिक नहीं होती। उस पार्टी में जो लोग हैं, वह धर्म का अनुसरण करते हैं। हर पार्टी में हर धर्म का व्यक्ति होती है। कांग्रेस में भी वैदिक सनातन धर्मावलंबी हैं।

प्रकोष्ठ का उद्देश्य

ऋचा गोस्वामी के मुताबिक प्रकोष्ठ का उद्देश्य लोगों को सनातन धर्म का अनुसरण करने, उनका मार्गदर्शन करना है। धर्म आडंबर विहीन हो। इसमें अनुष्ठानों का विशेष ध्यान रखा जाए। इन सबको ध्यान में रखते हुए यह प्रकोष्ठ पिछले दो साल से कार्यरत है। हमने नारी सम्मान योजना की जिस दिन लॉन्चिंग थी। उसी दिन परासिया छिंदवाड़ा से इसकी शुरुआत कर दी है।

Top