You are here
Home > Uncategorized > भाजपा में नहीं थम रहा विरोध,मुलताई प्रत्याशी नहीं बदलने पर कार्यकर्ता को निर्दलीय लड़ाने की चेतावनी

भाजपा में नहीं थम रहा विरोध,मुलताई प्रत्याशी नहीं बदलने पर कार्यकर्ता को निर्दलीय लड़ाने की चेतावनी

भाजपा ने मुलताई से पूर्व विधायक चंद्रशेखर देशमुख को उम्मीदवार बनाया

भोपाल- मध्यप्रदेश भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए 79 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है। इसमें केंद्रीय मंत्रियों समेत सात सांसद शामिल हैं। इसके बाद से पार्टी में विरोध शुरू हो गया है। अब पहली सूची में बैतूल जिले की मुलताई सीट से प्रत्याशी बनाए गए चंद्रशेखर देशमुख का विरोध शुरू हो गया है। यहां से पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किसी साथी को निर्दलीय चुनाव लड़ाने की चेतावनी पार्टी को दे दी है।

भाजपा ने मुलताई से पूर्व विधायक चंद्रशेखर देशमुख को उम्मीदवार बनाया है। उनके खिलाफ मुलताई से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि पार्टी ने टिकट नहीं बदला तो कार्यकर्ता मुलताई से अपना निर्दलीय प्रत्याशी उतारेंगे। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पार्टी ने 2018 के चुनाव में पार्टी के विरोध में ओर कांग्रेस के पक्ष में काम करने वाले व्यक्ति को टिकट दिया है। वहीं, छिंदवाड़ा की अमरवाड़ा सीट पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मोनिका शाह बट्टी का विरोध शुरू कर दिया है। मोनिका अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी से भाजपा में शामिल हुई थी। पार्टी की तीसरी सूची में एक ही नाम मोनिका बट्टी का था। जबकि यहां से उत्तम ठाकुर टिकट मांग रहे थे।

इन सीटों पर भी हो रहा विरोध

  • सतना सीट पर सांसद गणेश सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। गणेश सिंह का सूची में नाम आने के बाद यहां से दावेदारी कर रहे भाजपा नेता रत्नाकर चतुर्वेदी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है।
  • नागदा सीट पर पार्टी ने तेज बहादुर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। यहां पर पूर्व विधायक दिलीप सिंह शेखावत का कार्यकर्ता समर्थन कर रहे हैं। यहां पर लगातार विरोध बढ़ते जा रहा है।
  • सीधी सीट पर सांसद रीति पाठक पार्टी ने टिकट दिया है। यहां पर विधायक केदारनाथ शुक्ला का टिकट काटा गया है। इसको लेकर दो दिन पहले शुक्ला ने शहर में शक्ति प्रदर्शन किया और कहा कि अब मैं मैदान में उतर चुका है। इसके बाद अब रीति पाठक की राह आसान नहीं बताई जा रही है।
  • श्योपुर सीट पर पार्टी ने पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय को प्रत्याशी बनाया है। 71 साल के दुर्गालाल का विरोध शुरू हो गया है। कार्यकर्ताओं ने लगातार एक ही परिवार को टिकट देने का विरोध किया है। पूर्व जिला अध्यक्ष राधेश्याम रावत ने इसके बाद पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
Top