You are here
Home > Uncategorized > शिवराज ‘पंच क्रांति’ नहीं ‘पंच भ्रांति’ कर रहे हैं: कमलनाथ

शिवराज ‘पंच क्रांति’ नहीं ‘पंच भ्रांति’ कर रहे हैं: कमलनाथ

लूट क्रांति, झूठ क्रांति, फूट क्रांति, ठूंठ क्रांति और घूंट क्रांति
शिवराज की क्रांति है: कमलनाथ

भोपाल – मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आजकल ‘पंच क्रांति’ का शिगूफा छोड़ रहे हैं। लेकिन वे जनता को यह सच्चाई नहीं बता रहे हैं कि उनके 18 साल के कुशासन में पंच क्रांति नहीं, पंच भ्रांति हो रही है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज जारी एक बयान में यह बात कही। कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान की सरकार में सबसे पहले हुई है:-
लूट क्रांति:-
भाजपा सरकार ने पूरे प्रदेश को लूट लिया है। इन 18 साल में भाजपा के कार्यकर्ता जनता का पैसा लूट कर करोड़पति बन गए हैं। लोकायुक्त के छापों से पता चलता है कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से लेकर बड़े अधिकारी तक लूट में कैसे शामिल हैं।
झूठ क्रांति:-
दूसरी क्रांति शिवराज सरकार में हुई है झूठ क्रांति। मुख्यमंत्री खुद ही घोषणा मशीन से झूठ की मशीन बन गए हैं। कोरोना काल में शवों के आंकड़े, प्रदेश में रोजगार के आंकड़े, प्रदेश में आए निवेश के आंकड़े, प्रदेश की विकास दर के आंकड़े, कोई जगह ऐसी नहीं है, जिसमें शिवराज सरकार झूठ नहीं बोलती हो। यहां तक कि मुख्यमंत्री अपनी घोषणा करने में भी सिर्फ झूठ का सहारा लेते हैं।
फूट क्रांति:-
शिवराज सरकार मध्यप्रदेश में हर धर्म हर जाति और हर क्षेत्र के बीच फूट डालने का काम कर रही है। समाज के एक वर्ग को दूसरे वर्ग के खिलाफ खड़ा करना और समाज में वैमनस्य पैदा करना इनका राजनीतिक एजेंडा बन गया है।
ठूंठ क्रांति:-
पूरे भारत में मध्य प्रदेश अपने वन प्रदेश के लिए विशेष पहचान रखता है। शिवराज सरकार ने जंगल माफिया से सांठगांठ करके बड़े पैमाने पर जंगलों की अवैध कटाई कराई है। इससे हमारा हरा-भरा मध्य प्रदेश वनों की जगह पेड़ों के ठूंठ देखने को मजबूर है।
घूंट क्रांति:-
शिवराज सरकार में मध्य प्रदेश की जनता बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी के जहर का घूंट पी रही है। शिवराज सरकार में शराब की दुकानें कई गुना बढ़ चुकी है और यह शराब के घूंट पिलाने की क्रांति कर रहे हैं।
कमलनाथ ने कहा कि इसलिए शिवराज सिंह चौहान जी मैं आप से कहता हूं कि जनता के बीच झूठ मत बोलिए। पांचों भ्रांतियां जो आपने मध्यप्रदेश में फैला रखी है, यहीं भ्रांतियां जल्द ही आपकी सत्ता को समाप्त करने वाली हैं।

Top