You are here
Home > Uncategorized > शिवराज सिंह ने 18 साल के कार्यकाल में सिर्फ कोरी घोषणाएं करने का रिकॉर्ड बनाया : विभा पटेल

शिवराज सिंह ने 18 साल के कार्यकाल में सिर्फ कोरी घोषणाएं करने का रिकॉर्ड बनाया : विभा पटेल

चुनाव नजदीक आते ही महिला हितैषी होने का पाखंड कर रहे हैं शिवराज – विभा पटेल

भोपाल – मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल ने आरोप लगाते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान सरकार ने अपने 18 साल के कार्यकाल में सिर्फ कोरी और कागजी घोषणाएं की हैं। एक-दो नहीं, 20 हजार से अधिक घोषणाएं की लेकिन धरातल पर एक भी नहीं आई। इस सरकार के राज में न तो महिला उत्पीड़न पर कोई रोक लगी और न ही कानून का राज कायम हो सका। नतीजा यह है कि प्रदेश दुष्कर्म जैसी घटनाओं में शीर्ष पायदान पर है। महिला अपराधों में शिवराज सिंह चौहान सरकार की खामोशी उसके निकम्मेपन और उसकी असफलता को उजागर करती है।
श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता अब शिवराज सिंह चौहान सरकार से पूरी तरह से ऊब चुकी है। वह आगामी चुनाव को देखते हुए आए दिन नित नई खोखली घोषणाएं कर रहे हैं, लेकिन पूर्व में की गई घोषणाएं कितनी पूरी हुई, उसका सच जनता को नहीं बता रहे।
श्रीमती पटेल ने कहा कि प्रदेश में महंगाई को चरम सीमा तक पहुंचाने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का महिला हितैषी होने का पाखंड भी अब उजागर हो गया है। एनसीआरबी की ताजा रिपोर्ट के अनुसार महिलाओं के विरुद्ध अपराध में मध्य प्रदेश शीर्ष स्थान पर है। यह सरकार की नाकामी का प्रमाण है। महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराधों ने साबित कर दिया है कि मध्य प्रदेश महिलाओं के लिए असुरक्षित है, जहां महिलाओं की सुरक्षा में कानून व्यवस्था बिलकुल फेल है।
विभा पटेल ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार पेट्रोल, डीजल की मूल्य वृद्धि को रोकने में बुरी तरह असफल हुई है। वर्तमान में खाद्य तेल से लेकर पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। जनता के साथ भाजपा की डबल इंजन सरकार ने सिर्फ अन्याय किया है, जनता की मूल समस्या महंगाई से उनका कोई वास्ता नहीं रहा है।
श्रीमती पटेल ने कहा कि नौजवान रोजगार के लिए परेशान है, लेकिन शिवराज सिंह चौहान सरकार रोजगार के विषय पर निरंतर गलत बयानी कर रही है। एक लाख युवाओं को रोजगार देने के 11 महीने पुराने वादे को आज तक पूरा नहीं कर सकी है। भोपाल समेत पूरे प्रदेश की सड़कें बदहाल है लेकिन शिवराज सरकार को इसकी कोई फिक्र नहीं है। स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप्प है। शिक्षा के क्षेत्र में मप्र सबसे पीछे है। शिवराज सिंह सरकार के विकास के तमाम दावे असत्य, खोखले और प्रदेश को गर्त में धकलेने वाले दावे हैं।

Top