You are here
Home > Uncategorized > सागर की नरयावली विधानसभा में BJP को लगा झटका

सागर की नरयावली विधानसभा में BJP को लगा झटका

भाजपा नेता अरविंद तोमर ने दिया इस्तीफा, बोले- पार्टी में लगातार हो रही थी उपेक्षा

सागर – मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान सागर जिले की बंडा विधानसभा के बाद अब नरयावली में भारतीय जनता पार्टी में बगावत शुरू हो गई है। नरयावली विधानसभा से टिकट की दावेदारी कर रहे भाजपा नेता अरविंद तोमर ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया है।
उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा निरंतर उपेक्षा करने के कारण मैं भाजपा द्वारा दिए गए सभी दायित्व और प्राथमिक सदस्यता से त्याग पत्र दे रहा हूं। दरअसल, भाजपा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य अरविंद तोमर विधानसभा चुनाव में नरयावली विधानसभा से दावेदारी कर रहे थे। लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दी। नरयावली विधानसभा से भाजपा ने विधायक प्रदीप लारिया को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। जिसके बाद अरविंद तोमर ने बगावत करते हुए पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दिया है।

सहायक विकास विस्तार अधिकारी का पद छोड़ आए थे पार्टी में

अरविंद तोमर जनपद पंचायत सागर में सहायक विकास विस्तार अधिकारी (ग्राम सेवक) के पद पर थे। उन्होंने 19 सालों तक नरयावली क्षेत्र में काम किया। 1996 में भाजपा का काम करने पर उन्हें निलंबित किया गया था। साथ ही बार-बार स्थानांतरण कर परेशान किया जा रहा था। जिसके चलते उन्होंने 2001 में शासकीय सेवा से त्याग पत्र दे दिया था और भाजपा की सदस्य ग्रहण की थी। जिसके बाद वे नरयावली विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1 से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़े और 6023 वोटों से जीते थे।

Top