You are here
Home > Uncategorized > हिंदुत्व, मंदिर और भगवान भारतीय जनता पार्टी की पर्सनल प्रॉपर्टी नहीं हैं – डीके शिवकुमार

हिंदुत्व, मंदिर और भगवान भारतीय जनता पार्टी की पर्सनल प्रॉपर्टी नहीं हैं – डीके शिवकुमार

आगामी विधानसभा चुनाव के बाद मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय – डीके शिवकुमार

उज्जैन – कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार रविवार तड़के उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। वे महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। डीके भगवान महाकाल और काल भैरव के भक्त हैं। उन्होंने बताया, ‘जब खराब समय चल रहा था, तब भी मैं महाकाल के दर्शन के लिए तीन बार उज्जैन आ चुका हूं।’ उन्होंने यह भी कहा कि हिंदुत्व, मंदिर और भगवान भारतीय जनता पार्टी की पर्सनल प्रॉपर्टी नहीं हैं।
डीके शिवकुमार दो दिन के मध्यप्रदेश दौरे पर हैं। वे शनिवार रात 8 बजे ही उज्जैन आ गए थे। रात में ही महाकाल मंदिर और काल भैरव मंदिर के दर्शन करने गए। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद तड़के होने वाली महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। नंदी हॉल में बैठकर ध्यान लगाया। महाकाल के नाम का जाप किया। उनके साथ विधायक महेश परमार, जीतू पटवारी, शोभा ओझा और कांग्रेस के अन्य नेता व पदाधिकारी भी मौजूद थे।
महाकाल दर्शन और पूजन के बाद डीके शिवकुमार ने मीडिया से चर्चा में कहा, ‘इस बार कांग्रेस की सरकार का आशीर्वाद हमें कर्नाटक में मिला है। महाकालेश्वर ने हमें कर्नाटक में सरकार के रूप में लोगों की सेवा का अवसर दिया है। मैं यहां चुनाव से पहले भी आया था। भगवान से प्रार्थना करने आया हूं कि मुझे और कर्नाटक सहित भारत को समृद्धि देना। सभी खुशी से रहें। आज से हम कर्नाटक में महिलाओं के लिए बसों का किराया फ्री कर रहे हैं।’

MP में कर्नाटक से ज्यादा सीटें लाकर कांग्रेस जीतेगी

शिवकुमार ने कहा, ‘कर्नाटक की तरह मध्यप्रदेश की जनता भी BJP सरकार के भ्रष्टाचार के कारण परेशान है। आगामी विधानसभा चुनाव के बाद मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। इस बार डबल इंजन की सरकार MP भी में बदलेगी। कमलनाथ, दिग्विजय सिंह सहित सभी नेता साथ काम कर रहे हैं। कर्नाटक से ज्यादा सीटें मध्यप्रदेश में कांग्रेस को मिलेगी।’

राष्ट्रीय नेतृत्व ही तय करेगा MP में मेरी भूमिका

डीके शिवकुमार ने इससे पहले शनिवार को दतिया में श्री पीतांबरा पीठ के दर्शन किए। मीडिया के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘कर्नाटक चुनाव की जीत ने हम सभी को‎ हिम्मत दी है। मध्यप्रदेश में मेरी‎ भूमिका क्या होगी? इसका फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व ही‎ करेगा।’ डीके परिवार समेत शनिवार दोपहर 3.30 बजे‎ प्राइवेट प्लेन से दतिया पहुंचे थे। उन्होंने यहां शाम 5.30 बजे तक मंदिर में रहकर पूजा-अर्चना‎ की।
शनिवार को ही वे इंदौर पहुंचे थे। यहां मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा, ‘मध्यप्रदेश में लोग पूरी तरह से बदलाव का मन बना चुके हैं। मैं भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी मध्यप्रदेश आया था, तब यहां का माहौल देखा था। जनता पूरी तरह से कांग्रेस के पक्ष में है।’ कर्नाटक में पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा RSS को जमीन आवंटन की जांच के मामले में उन्होंने कहा कि यह मामला CM के पास है। वे ही इस पर बोल सकते हैं।

Top