You are here
Home > MP > मुख्यमंत्री और उनकी सरकार के मंत्री मंहगाई, बेरोजगारी, महिला अत्याचार, प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार पर जवाब दें: विभा पटेल

मुख्यमंत्री और उनकी सरकार के मंत्री मंहगाई, बेरोजगारी, महिला अत्याचार, प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार पर जवाब दें: विभा पटेल

भोपाल। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं भोपाल की पूर्व महापौर विभा पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार धर्मांतरण के नाम पर जहरीली राजनीति कर रही है। धर्म और धर्मांतरण को बीते कुछ सालों से भाजपा ने राजनीतिक मुद्दा बना दिया है। आसन्न विधानसभा चुनाव के चलते इस मुद्दे पर राजनीति करते हुए भाजपा इसे भुनाने की जुगत में हैं। लेकिन उसका मंसूबा कामयाब नहीं होगा। जनता ने तय कर लिया है कि अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाना है।


विभा पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों को स्मरण कराना चाहूंगी कि इस विषय पर पहले से ही कानून है, सजा का भी प्रावधान है। लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी सरकार के मंत्री आसन्न विधानसभा चुनाव को देखते हुए लोगों का ध्यान भटकाने, गुमराह करने की खातिर धर्मांतरण कानून की बात कर रहे हैं, जबकि मध्य प्रदेश में पिछले वर्ष की तुलना में 5.51 लाख बेरोजगारों की संख्या बढ़ी है। इसमें शिक्षित बेरोजगारों की संख्या में 1.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। रजिस्टर्ड बेरोजगारों की संख्या वर्ष 2021 के अंत तक बढ़कर 30.23 लाख हो गई है।


विभा पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री ये भी जान लें कि मध्य प्रदेश अब बच्चियों के लिए सबसे ज्यादा असुरक्षित है। एनसीआरबी की रिपोर्ट कहती है कि मध्य प्रदेश में बच्चियों के साथ सबसे ज्यादा रेप हो रहा है। बच्चियों से रेप और पाक्सो एक्ट में देश में मध्य प्रदेश नंबर वन पर है। कुल महिला अपराध में मध्यप्रदेश छठवें नंबर पर है। वर्ष 2021 में महिलाओं के खिलाफ हिंसा और उत्पीड़न की 1900 शिकायतें भी महिला आयोग तक पहुंची। सिर्फ इतना ही नहीं खाद-बीज की किल्लत से किसान परेशान, फर्श से अर्श को जाती पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को लेकर आम आदमी का जीवनयापन करना मुश्किल हुआ है। इन मुद्दों पर जनता जवाब न मांग लें, इस कारण प्रदेश की शिवराज सरकार गुमराह करने और लोगों को भटकाने के लिए धर्मांतरण का शिगूफा छोड़कर निम्न स्तरीय राजनीति कर रही है।


विभा पटेल ने कहा कि पिछले कुछ माहों में जाने-पहचाने चेहरों ने ऐसे कई बयान दिए हैं, जो देश की धर्म-निरपेक्षता को जोखिम में डालते हैं। ये सभ्य समाज और हमारे धर्म निरपेक्ष ढांचे, अंतरराष्ट्रीय छवि के लिए घातक है। विभा पटेल ने कहा कि धर्मांतरण कानून की बात करके शिवराज सरकार समाज में बंटवारा करने और भय का वातावरण बनाने का काम कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री चौहान से कहा कि नए कानून को वे केवल राजनीतिक शगूफा मानती है, मुख्यमंत्री नौजवानों को रोजगार, मातृ शक्ति की सुरक्षा, लड़लियों के बचपन की हिफाजत, महंगाई से निजात दिलाने, कानून-व्यवस्था का राज कायम करने, माफिया को जेल के पीछे भेजने, शिक्षा के गिरते स्तर को सुधारने, नगरीय विकास में संतुलन बनाने, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने, वंचित वर्ग की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा करने जैसे कदम उठाये तो प्रदेश के लिए बेहतर होगा।

Top