You are here
Home > Uncategorized > बसपा नेता की सरेराह हत्या का VIDEO

बसपा नेता की सरेराह हत्या का VIDEO

छतरपुर में 10 दिन पहले सिर में मारी थी 3 गोली; एक आरोपी गिरफ्तार, 6 फरार

छतरपुर – छतरपुर की बिजावर सीट से विधानसभा चुनाव लड़े बसपा नेता महेंद्र गुप्ता की हत्या का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें हमलावर उनके सिर में गोली मारकर भागता नजर आ रहा है। इसी वीडियो में एक शख्स हाथ में बंदूक थामे दिख रहा है। बसपा नेता महेंद्र गुप्ता 4 मार्च को एक शादी समारोह में शामिल होने छतरपुर पहुंचे थे। उसी दौरान घात लगाकर बैठे आरोपियों ने सरेहार उनके सिर में 3 गोलियां मारी थी।
पुलिस ने हत्या के 10 दिन बाद गुरुवार को इस मामले में खुलासा किया। एसपी अमित सांघी ने बताया कि एक आरोपी आकाश सक्सेना को गिरफ्तार कर लिया गया है। 6 अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई है। जांच में सामने आया कि महेंद्र गुप्ता की हत्या के लिए आरोपी दो महीने पहले (जनवरी) से ही रेकी कर रहे थे।
एसपी सांघी ने बताया कि बसपा नेता महेंद्र गुप्ता और ग्राम सीगोन निवासी प्रतिपाल सिंह ठाकुर के बीच 25 साल से रंजिश चली आ रही है। इसी के चलते दोनों पक्षों की ओर से हत्या के प्रयास और हत्या जैसी कई घटनाएं घट चुकी हैं। अभी प्रतिपाल सिंह का बेटा रानू राजा हत्या के एक मामले में फरार चल रहा था। रानू राजा ने ही अपने साथियों के साथ बसपा नेता की हत्या की साजिश रची थी।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने घटना स्थल पर मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बारीकी से पड़ताल। इसके बाद रानू राजा के एक साथी आकाश सक्सेना को पकड़ा। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि रानू राजा और अन्य साथियों ने जनवरी 2024 से ही उनकी हत्या की साजिश रची थी। उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी।
वारदात के दिन हमलावर अलग-अलग जगहों पर मौजूद थे। आरोपी पहले पन्ना रोड पर एक शादी समारोह में पहुंचे, जहां महेन्द्र गुप्ता को मारने की कोशिश की। इसके बाद सागर रोड पर घात लगाए बैठे आरोपियों ने गजराज पैलेस के सामने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपियों को पता था कि महेन्द्र गुप्ता बुलेट प्रूफ जैकेट पहनता था, इसलिए तीन आरोपी शानू राजा, शिवेंद्र राजा और आकाश सक्सेना उनके पास गए। इनमें से एक ने महेंद्र गुप्ता के सिर में तीन गोलियां दाग दीं।
ईशानगर के महेंद्र गुप्ता अपने सुरक्षा गार्ड अब्दुल मंसूरी के साथ 4 मार्च को पहाड़गांव के मित्र कुलदीप सिंह की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे ​थे। ईशानगर जाने के लिए जुगराज होटल के गेट से बाहर निकले तभी हमलावर ने उनके सिर में गोली मार दी। इसके बाद पीछे खड़े दूसरे आरोपी ने एक हवाई फायर किया और वे फरार हो गए।

मुख्य आरोपी पर 20 हजार का इनाम घोषित

इस वारदात में शामिल 6 आरोपी अब भी फरार हैं। इसमें मुख्य आरोपी रानू राजा भी शामिल है। जिस पर पहले ही अर्जुन सिंह हत्याकांड मामले में 20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित है।

बिजावर सीट से लड़ा था विधानसभा चुनाव

महेंद्र गुप्ता ने साल 2023 में छतरपुर जिले की बिजावर सीट से बसपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में वे तीसरे नंबर पर रहे थे। उन्हें 10443 वोट मिले थे। महेंद्र कुमार गुप्ता बसपा के जिला उपाध्यक्ष भी थे। वे सरपंच भी रह चुके हैं। वे ईशानगर के रहने वाले थे।

Top