You are here
Home > Politics > प्रदेश की जर्जर सडक़ों को चकाचक बताकर जनता को सफेद झूठ परोस रही है भाजपा सरकार: परिहार

प्रदेश की जर्जर सडक़ों को चकाचक बताकर जनता को सफेद झूठ परोस रही है भाजपा सरकार: परिहार

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संतोष सिंह परिहार ने सवाल उठाया है कि केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी झूठ बोल रहे हैं या फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान? हाल ही में मंडला-जबलपुर की सडक़ परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अपना भाषण ही माफी मांगने के साथ शुरू किया। उन्होंने खराब सडक़ों के लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगी। दूसरी तरफ हमारे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उसी कार्यक्रम में कहा कि हमने प्रदेश में सडक़ों का जाल बिछाया है। मध्यप्रदेश की सडक़ें चकाचक हैं, जबकि पहले यह समझ में नहीं आता था कि सडक़ों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सडक़ें। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह प्रदेश की जनता से लगातार सफेद झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रही है।


श्री परिहार ने कहा कि अभी हाल ही में कुछ ही दिन पहले मुख्यमंत्री शिवराजसिंह अपने लाव लश्कर के साथ राजधानी भोपाल की सडक़ों पर घूमने निकले थे तो आने-अनजाने उन्हें पता चला कि यहां की सडक़ें खराब हैं। हमीदिया रोड सहित पूरे शहर की सडक़ों को सुधारने के उन्होंने आदेश भी दिए, वो केवल हमीदिया रोड पर गए। राजधानी की जिन सडक़ों से मुख्यमंत्री निकलते हैं, केवल वो ही कुछ ठीक हो जाती हैं, बाकी सडक़ों की बेहाल स्थिति से प्रदेश की जनता रूबरू है।


श्री परिहार ने कहा कि मुख्यमंत्री अब न तो पांव-पांव चलते हैं और न ही सडक़ों पर, इसलिए उन्हें पता ही नहीं कि प्रदेश की सडक़ें कैसी हैं? उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सडक़ों पर चलें और देखें कि राज्य में अधिकांश सडक़ें कितनी जर्जर हैं। ग्रामीण पहुंच मार्गों के हालत तो और भी बदतर है। वहां की सड़कों और गड्ढों में अंतर खत्म हो गया है। ज्यादा दूर नहीं, बल्कि वे रायसेन और विदिशा जिलों में ही सडक़ मार्ग पर जाकर देखें, जिन्हें वे अपना गृह जिला मानते हैं। मुख्यमंत्री जी, जनता उनके झूठ को समझ चुकी है, इसलिए अब उनके चिकने-चुपड़े भाषण में आने वाली नहीं है।

Top