You are here
Home > MP > बुरहानपुर में सब्जी से भरा वाहन पुलिया से नीचे गिरा, तीन लोगों की मौत

बुरहानपुर में सब्जी से भरा वाहन पुलिया से नीचे गिरा, तीन लोगों की मौत

बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में मंगलवार तड़के सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हुए हैं। सब्जी से भरा मिनीडोर वाहन पलटकर पुलिया से नीचे जाने से यह हादसा हुआ। सभी घायलों को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक घायल का इलाज जारी है और तीन को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार हादसे में वाहन चालक और दो किसानों की मौत हो गई। चार अन्य किसान घायल हुए हैं। यह हादसा इंदौर-इच्छापुर हाई-वे पर तड़के तीन बजे के करीब हुआ। ग्राम चमाटी तहसील पंधाना जिला खंडवा की ओर से किसान मिनीडोर में सब्जी लेकर बुरहानपुर कृषि उपज मंडी आ रहे थे। इस दौरान झांझर डैम के पास चोरा नाला पुलिया पर वाहन अनियंत्रित हो गया और पुलिया के नीचे नाले में जा गिरा। हादसे में दो किसानों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य किसान घायल हो गए। मृतकों में दो की पहचान ताराचंद रसीदपुरा और भगवान भाई चमाटी के रूप में की गई है। वाहन चालक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। हादसे में घायल हुए किसानों में प्रकाश लोधा चमाटी, लोकेश बैमाल चमाटी, मुकेश कालु चमाटी और गुरुदास हुकुमचंद चमाटी शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलने पर मंडी कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष संतोष सिंह दीक्षित, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के ठाकुर हेमंत सिंह बैस, मंडी व्यापारी शेख मेहमूद, नीलाचंद महाजन, आरिफ, जफर मोहम्मद, गजानन महाजन आदि अस्पताल पहुंचे। किसानों के साथ मौजूद अन्य परिचितों से चर्चा कर मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

Top