You are here
Home > MP > मध्य प्रदेश से गुरुवार को विदा हो जाएगा मानसून, दो दिन बाद दस्तक दे सकती है ठण्ड

मध्य प्रदेश से गुरुवार को विदा हो जाएगा मानसून, दो दिन बाद दस्तक दे सकती है ठण्ड

भोपाल। मध्य प्रदेश के पश्चिम-पूर्व में आज (बुधवार को) आखरी बार बारिश की सम्भावना है। अब मानसूनी हवाएं टर्न ले रही हैं। वे भारत में पूर्वी दिशा से आकर दक्षिण राज्यों से होते हुए महाराष्ट्र से गुजरात को छूते हुए मध्य प्रदेश के पश्चिम-दक्षिण से होकर उत्तर-पूर्व की ओर बह रहीं हैं। इसके साथ ही गुरुवार से मानसून विदा हो सकता है। वहीं भारत के उत्तर में बफऱ्बारी की सम्भावना के चलते दो दिन बाद से ही मप्र में ठण्ड दस्तक दे सकता है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने जानकारी देते हुए बताया कि अलग अलग स्थानों पर अभी भी तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। वर्तमान में पंजाब पर हवा के ऊपरी भाग मेें एक चक्रवात बना हुआ है। केरल से लेकर दक्षिणपश्चिम मध्य प्रदेश तक एक ट्रफ लाइन बनी है। इसके अतिरिक्त पाकिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में बना हुआ है। केरल से लेकर दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश तक बनी ट्रफ लाइन के कारण नमी आने से प्रदेश में रुकरुककर वर्षा का सिलसिला बना हुआ है। प्रदेश में बुधवार को पश्चिम भाग में सामान्य बारिश की सम्भावना है जबकि पूर्व में कुछ जगह भारी बारिश भी हो सकती है। रीवा, सागर, जबलपुर एवं शहडोल संभाग के जिलों में रुकरुककर वर्षा होने का सिलसिला बना रह सकता है। बुधवार से आधे मध्य प्रदेश में मौसम धीरे धीरे साफ होने लगेगा। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के जिलों में बादल छंटने लगेंगे। उधर अब बंगाल की खाड़ी में किसी नई मौसम प्रणाली के बनने की संभावना नहीं दिख रही है। इसके चलते मानसून की विदाई का सिलसिला भी शुरू हो सकता है। अगले दो दिनों में मध्य प्रदेश में ठण्ड दस्तक दे सकती है।

Top