You are here
Home > Uncategorized > राहुल गांधी रतलाम से राजस्थान के लिए रवाना:​​​​​

राहुल गांधी रतलाम से राजस्थान के लिए रवाना:​​​​​

रतलाम – रतलाम जिले से राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा सुबह 11.40 बजे राजस्थान के लिए रवाना हो गई। राहुल ओपन जीप से आगे के सफर के लिए निकले। 2 मार्च को यात्रा मुरैना से मध्यप्रदेश में एंटर हुई थी। आखिरी पड़ाव रतलाम जिले में सैलाना के सरवन गांव में रहा। यहां राहुल गांधी और उनकी टीम ने रात्रि विश्राम किया। यह गांव राजस्थान की सीमा से सटा है। यहां से 10 किलोमीटर आगे राजस्थान बॉर्डर है।
रवानगी से पहले कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, ‘न्याय यात्रा का आज 54वां दिन है। मध्यप्रदेश से हम बांसवाड़ा जा रहे हैं। MP में सभी जगह समाज का हर वर्ग आया। पार्टी के लिए यह एक बूस्टर डोज था। पार्टी संगठन में नई जान, नया उत्साह दिखाई दे रहा है। मुझे विश्वास है कि लोकसभा चुनाव में यह यात्रा हमारे लिए फायदेमंद साबित होगी।’
उन्होंने कहा, ’17 मार्च को मुंबई में I.N.D.I.A गठबंधन की एक रैली होगी। यह भारत जोड़ो न्याय यात्रा का अंतिम कार्यक्रम होगा। हमने गठबंधन की सभी 26 पार्टियों को निमंत्रण दिया है। हम उम्मीद करते हैं कि सभी लोग आएंगे।’
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने रतलाम में कहा, ‘1979 में इंदिरा गांधी ने सैलाना, रतलाम का दौरा किया था। रात 12 बजे यहां एक सार्वजनिक बैठक आयोजित की गई थी। इसके बाद वे 2 बजे एक और बैठक करने के लिए मंदसौर चली गईं। हम कल यहां (राहुल गांधी की) बैठक करना चाहते थे, लेकिन हम चूक गए। आदिवासी क्षेत्र लंबे समय से कांग्रेस पार्टी का समर्थक रहा है। कांग्रेस ने ही इन्हें आजादी दिलाई। कांग्रेस ने इन्हें जमीनें दीं। बच्चों को नौकरियां दीं। विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री बनाया।’
MPCC की प्रदेश प्रवक्ता फरहीन खान ने कहा, ‘आज देश में जो हालात हैं, उनके मद्देनजर भारत जोड़ो न्याय यात्रा यात्रा निकाली जा रही है। यह पॉलिटिकल यात्रा नहीं है। इसमें कांग्रेस का नहीं, देश का फायदा देखना है। हम जनता के जो मुद्दे हैं, वो लेकर जा रहे हैं।’ रतलाम और सैलाना में कम समय देने के सवाल पर फरहीन ने कहा, ‘MP सरकार ने यात्रा में रोक लगाने की कोशिश की। महाकाल के गर्भगृह में जाने नहीं दिया। हेलिकॉप्टर की अनुमति नहीं दी। राजस्थान से महाराष्ट्र में भी जाना है। आचार संहिता लगने से पहले इस यात्रा को पूरा करना है।’

Top