You are here
Home > Uncategorized > रीवा से सैकड़ों किसान दिल्ली कूच करेंगे

रीवा से सैकड़ों किसान दिल्ली कूच करेंगे

रीवा – रीवा से सैकड़ों किसान दिल्ली कूच करने की तैयारी में हैं। 14 मार्च को संयुक्त किसान मोर्चे के बुलावे पर जिले भर से किसान अलग-अलग साधनों से दिल्ली रवाना होंगे। किसान नेता शिव सिंह ने कहा कि 14 मार्च को दिल्ली में बड़ी किसान महापंचायत आयोजित की गई है। सरकार ने 9 दिसंबर 2021 को लिखित में वादा किया था कि एमएसपी की गारंटी का कानून बनाया जाएगा। इसके साथ ही किसानों की अन्य 6 महत्वपूर्ण मांगे भी पूरी की जाएंगी।
लेकिन सरकार ने आज तक हम किसानों की मांगों को पूरा नही किया। सरकार ने हमारे साथ वादा खिलाफी की है। हमने ट्रैक्टर लेकर दिल्ली जाना चाहा तो सरकार ने कहा कि ट्रैक्टर अवैधानिक है। हजारों लोग लग्जरी गाड़ी लेकर सड़कों पर चलते हैं लेकिन किसान के ट्रैक्टर को रोका गया।
इसलिए मैं संयुक्त मोर्चे की तरफ से कह रहा हूं कि हम किसान पैदल आकर भी दिल्ली में अपनी आवाज को बुलंद करेंगे। रीवा जिले और संभाग से सैकड़ों की संख्या में किसान 12 और 13 मार्च को रीवा से रवाना होकर दिल्ली पहुंचेंगे।
शिव सिंह ने कहा कि हमें कुछ दिनों पहले जेल में डाल दिया गया था। हम भी जेल से होकर आए हैं। लेकिन हम किसान बिल्कुल भी डरने वाले नहीं हैं। हमें पुलिस की लाठी,गोली और जेल का कोई भय नहीं है। कितने किसानों को जेल में डाल सकते हैं। सैकड़ों किसानों के जेल में जाने के बाद भी हजारों किसान हरदम लड़ाई लड़ने के लिए तैयार रहेंगे।

Top