You are here
Home > News > उमा भारती ने भारत जोड़ो यात्रा के निमंत्रण को बताया मजाक

उमा भारती ने भारत जोड़ो यात्रा के निमंत्रण को बताया मजाक

भोपाल। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के निमंत्रण को भाजपा की फायरब्रांड नेत्री और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मजाक बताया है। उन्होंने इस मामले में रविवार को अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है।

दरअसल, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बारे में बात करते हुए शनिवार को कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने उमा भारती को भी इसमें सम्मिलित होने का आमंत्रण दिया था। इस मुद्दे पर उमा भारती ने रविवार को सुबह सिलसिलेवार ट्वीट के माध्यम से अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा है कि मैंने एक अखबार में पढ़ा कि कमलनाथ जी ने मुझे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सम्मिलित होने के लिए निमंत्रण दिया है, यह मुझे मजाक लग रहा है। मुझे इस तरह के मजाक का अभ्यास नहीं है। कमलनाथ जी मेरे बड़े भाई हैं। उन्हें मेरा स्वभाव पता है। वह मेरे साथ ऐसा मजाक नहीं करते।

उमा भारती ने आगे कहा है कि राहुल गांधी एवं कांग्रेस को भारत जोड़ने का कहने का अधिकार ही नहीं है। धर्म के आधार पर भारत का विभाजन कांग्रेस ने कारवाया। देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की। उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास की सबसे बड़ी मॉब लिंचिंग 84 के सिख विरोधी दंगे थे जिसमें कांग्रेस के नेताओं ने खुलेआम हजारों सिखों को मार डाला।

उन्होंने अगले ट्वीट में कहा कि देश की एकता का मूल मंत्र राम राज्य तथा राम का नाम है कांग्रेस ने मनमोहन जी की सरकार के समय रामसेतु पर हलफनामे में रामसेतु को ही नकार दिया था। कांग्रेस के कितने पाप गिनाऊ, उन्होंने धर्म, जाति, नस्ल के आधार पर देश को बांटने में कोई कसर नहीं रखी। मुझे आश्चर्य है कि ऐसी पार्टी का नेता भारत जोड़ो यात्रा कर रहा है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जवाब आने वाले लोकसभा के चुनाव में भारत की जनता इनको भारत छोड़ो से देगी, शायद एक भी सीट ना मिले यही इनकी करतूतों की सजा होगी।

दरअसल, उमा भारती ने शुक्रवार को कहा था कि कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने में देरी कर दी है। इसके बाद शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा में उनके साथ भाजपा के लोग भी चल रहे हैं। उन्होंने उमा भारती को भी यात्रा से जुड़ने का न्योता दिया था। उनका कहना था कि उमा सच बोलती हैं, इसलिए उन्हें यात्रा से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया है। उमा भारती ने रविवार को ट्वीट के माध्यम से इसी का जवाब देते हुए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है।

Leave a Reply

Top