You are here
Home > Uncategorized > दिग्विजय बोले-भिंड कलेक्टर ने मतदान में गड़बड़ी की:चुनाव आयोग से की ट्रांसफर की मांग

दिग्विजय बोले-भिंड कलेक्टर ने मतदान में गड़बड़ी की:चुनाव आयोग से की ट्रांसफर की मांग

डॉ. गोविंद सिंह भी यहां बुजुर्ग, दिव्यांग और सरकारी कर्मचारियों के मतपत्र गायब किए जाने का आरोप लगा चुके हैं

भिंड – कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय निर्वाचन आयोग (ECI) से भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव की शिकायत की है। दिग्विजय ने श्रीवास्तव पर लहार विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को लिखे पत्र में श्रीवास्तव को कलेक्टर पद से हटाने की मांग की है। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष और लहार विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. गोविंद सिंह भी यहां बुजुर्ग, दिव्यांग और सरकारी कर्मचारियों के मतपत्र गायब किए जाने का आरोप लगा चुके हैं।

इन आरोपों पर मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने कहा, ‘मतपत्रों से कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है। एक भी मतपत्र गायब नहीं है। 3 दिसंबर को निष्पक्ष तरीके से मतगणना होगी।’ राजन ने यह बात बुधवार को भिंड में मीडिया के सामने कही। वे यहां ITI कॉलेज में बने स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण करने पहुंचे थे।

दिग्विजय ने दूसरी शिकायत राज्य आर्थिक अन्वेषण ब्यूरो (EOW) में की है। इसमें वित्त विभाग में लागू IFMIS (इंटीग्रेटेड फायनेंशियल मैनेजमेंट एंड इनफॉरमेशन सिस्टम) के सेकंड वर्जन सॉफ्टवेयर में अफसरों पर 50 करोड़ रुपए के लेन-देन का दावा किया है। उन्होंने कहा, ‘250 करोड़ के इस प्रोजेक्ट को लेकर चैट और ऑडियो भी सामने आए हैं। मैंने शिकायत पत्र के साथ इन्हें भी जांच के लिए सौंपा है।’ IFMIS एक सॉफ्टवेयर है, जो बजट के कामों में इस्तेमाल होता है।
दिग्विजय सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त (ECI) को मंगलवार को शिकायती पत्र भेजा। इसमें भिंड के लहार विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान गड़बड़ियों का आरोप लगाया। भिंड कलेक्टर पर नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उनका ट्रांसफर करने की मांग की। दिग्विजय ने लिखा- मतदान वाले दिन लहार विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस से जुड़े एजेंट्स को पोलिंग बूथ के अंदर जाने से रोका गया। हमारे जो एजेंट्स अंदर थे, उन्हें पीठासीन अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों ने जबरदस्ती पोलिंग बूथ छोड़ने के लिए कहा। बूथ में लगे CCTV कैमरों में इसे देखा जा सकता है।
500 से ज्यादा सरकारी कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट इश्यू नहीं किए गए। 11 नवंबर को इसकी शिकायत भी की गई, लेकिन एक्शन नहीं लिया गया। इस वजह से ये कर्मचारी मतदान नहीं कर सके। कई कर्मचारियों ने इसकी शिकायत की है। प्रत्याशी और इलेक्शन एजेंट को यह जानकारी नहीं दी गई कि पोस्टल बैलेट कहां रखे गए? बाद में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन के हस्तक्षेप से 19 नवंबर की रात जानकारी मिल सकी कि पोस्टल बैलेट लहार ITI में रखे हैं।
20 नवंबर की सुबह इलेक्शन एजेंट नरेश सिंह चौहान, सहायक रिटर्निंग अधिकारी नवनीत शर्मा के साथ ITI पहुंचे। यहां पोस्टल बैलेट में छेड़छाड़ पाई गई। जिन बॉक्स में इन्हें रखा हुआ था, उनमें से कुछ की सील टूटी हुई थी। पोस्टल बैलेट बंडल में अलग बक्से में रखे जा रहे थे। आपत्ति जताने पर ARO ने बताया कि DEO ( जिला चुनाव अधिकारी) ने इसके निर्देश दिए थे।

लहार विधानसभा सीट पर कांग्रेस के डॉ. गोविंद सिंह के सामने BJP से अंबरीष शर्मा मैदान में हैं।

Top