You are here
Home > Uncategorized > मध्यप्रदेश में चुनावी टिकट वितरण से पहले पूर्व सांसद राहुल गांधी की टीम दाे तरह से सर्वे कर रही है

मध्यप्रदेश में चुनावी टिकट वितरण से पहले पूर्व सांसद राहुल गांधी की टीम दाे तरह से सर्वे कर रही है

प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी सीटवार अलग सर्वे कराया है

भोपाल – कर्नाटक जीत से उत्साहित कांग्रेस ने उसी फॉर्मूले पर मध्य प्रदेश में काम तेज कर दिया है। पूर्व सांसद राहुल गांधी की टीम यहां दाे तरह से सर्वे कर रही है। हालांकि प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी सीटवार अलग सर्वे कराया है। टिकट वितरण के दौरान नामों को लेकर अलग अलग सर्वे रिपोर्ट्स के आधार पर चयन करके सहमति बनाई जाएगी। यह भी कहा जा रहा है कि कमलनाथ की सहमति से ही घोषणा की जाएगी। मध्य प्रदेश में नवंबर-दिसंबर 2023 में चुनाव होने जा रहे हैं।
राहुल गांधी सर्वे प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर दो अलग-अलग तरीकों से करा रहे हैं। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक और हिमाचल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की भारी सफलता और भारत जोड़ो यात्रा के इफेक्ट को जोड़ा जा रहा है।
पूर्व सांसद से जुड़े एक नेता ने बताया राहुल गांधी की टीम प्रदेश में 2 तरह से सर्वे कर रही है। सर्वे 10 से 15 अगस्त तक पूरे हो जाएंगे। यही टिकट वितरण का आधार बनेंगे। इसमें कमलनाथ द्वारा कराए गए सर्वे के जरिए यह देखा जाएगा कि उनके सर्वे में संभावित उम्मीदवार को कितने अंक मिले हैं।

राहुल गांधी की पर्सनल टीम और एजेंसी कर रही सर्वे

कांग्रेस के एक बड़े नेता ने बताया कि प्रदेश में उम्मीदवार चयन को लेकर राहुल गांधी की पर्सनल टीम के अलावा एक अन्य एजेंसी यह सर्वे कर रही है। उम्मीदवार के बारे में उसकी सामाजिक सक्रियता, विधानसभा सीट में छवि, पिछले चुनाव में हार-जीत का अंतर, विधानसभाक्षेत्र में जातिगत समीकरण और अंत में कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस के सर्वे में उम्मीदवार को कितने अंक मिले हैं, यह जरूर देखा जाएगा।

टिकट वितरण के दौरान सामने आ सकते हैं चौंकाने वाले नाम

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी के खास समर्थक माने जाने वाले जितेंद्र सिंह को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। वहीं टीम द्वारा जो सर्वे कराया जा रहा है वह हर विधानसभा में यह भी देख रही है कि कांग्रेस नेता के अलावा वह और किसे टिकट दे सकती है। टीम हर क्षेत्र में ऐसा चेहरा तलाश कर रही है, जो आर्थिक रूप से कमजोर है लेकिन विधानसभा में अच्छा प्रभाव रखता है। इन चेहरों में सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक या रिटायर्ड अधिकारी शामिल हैं।

चुनाव से ठीक एक से डेढ़ माह पहले होगा टिकट वितरण

मप्र कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन केके मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में कमलनाथ और राहुल गांधी पर्सनल टीम सर्वे कर रही है। इन टीम में कौन लोग शामिल हैं, यह किस से जाकर मिल रहे हैं, इनके सर्वे का आधार क्या है, यह जानकारी किसी को भी नहीं है। सर्वे पूरी तरह से गोपनीय है। वहीं राहुल गांधी और कमलनाथ के सर्वे को मिलाकर देखा जाएगा। इसके बाद ही टिकट फाइनल कर लिस्ट जारी होगी। अंतिम फैसला कमलनाथ और प्रदेश की टीम पर छोड़ा जा सकता है।

मालवा-निमाड़ दोनों पार्टियों के लिए जरूरी, राहुल की भारत जोड़ो यात्रा भी यहीं से निकली

दक्षिण भारत में 2 हजार किलोमीटर का सफर पूरा करने के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 23 नवंबर को देश की हिंदी पट्‌टी में प्रवेश किया था। बुरहानुपर से यात्रा की शुरुआत हुई थी। यह यात्रा प्रदेश के मालवा-निमाड़ के 6 जिलों के 14 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजर थी। मालवा-निमाड़ में 66 विधानसभा सीट हैं। पिछले 4 चुनाव का ट्रेंड बताता है कि मालवा-निमाड़ में जो पार्टी ज्यादा सीट जीतती है, उसकी सरकार बनती है। राहुल की भारत जोड़ो यात्रा जब मप्र से गुजरी थी तो वह यहां की सीटों की नब्ज टटोल कर गए थे।

Top