You are here
Home > News > नेता प्रतिपक्ष बोले- पं.धीरेंद्र शास्त्री बीजेपी के प्रचारक

नेता प्रतिपक्ष बोले- पं.धीरेंद्र शास्त्री बीजेपी के प्रचारक

मैहर में बागेश्वरधाम सरकार की कथा कैंसिल; छिंदवाड़ा में पं. प्रदीप मिश्रा की कथा पर संशय

भोपाल – नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को बीजेपी का प्रचारक बताया है। वे बुधवार को पंडोखर सरकार के धाम पहुंचे थे। उन्होंने कहा- जो रोजगार करोड़ों की फैक्ट्री लगाने वाले नहीं दे सकते, लेकिन महाराज की कृपा से यहां लाखों लोगों को रोजगार मिला है। कई धाम सुने, उनमें बागेश्वर धाम राजनीतिक आधार पर है। वो भाजपा के प्रचारकर्ता हैं, लेकिन पंडोखर में सर्वधर्म समभाव है। बागेश्वर में तो धर्म के अलावा भी बात करते हैं, लेकिन यहां शुद्ध रूप से धार्मिक और सालों पहले का जो ज्ञान था, उसे गरीबों के हित में प्रदर्शित कर रहे हैं।​​​​​​​
सतना जिले की मैहर सीट से बीजेपी विधायक नारायण त्रिपाठी ने दो दिन पहले 11 अप्रैल को नई पार्टी बनाकर विंध्य की 30 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। वे मैहर में बागेश्वर धाम के कथावाचक पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा कराने वाले थे। बुधवार को अचानक कार्यक्रम कैंसिल कर दिया गया। इसके बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा कैंसिल होने के बाद नारायण त्रिपाठी ने वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि 3 से 7 मई तक के लिए बागेश्वर धाम के महाराज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा तय थी। 15 अप्रैल को टेंट लगाने का भूमि पूजन रखा गया था। किन्हीं कारणों से यह कथा स्थगित हो गई है, लेकिन विश्वास दिलाते हैं कि मैहर में बागेश्वर धाम के बाबा की कथा अवश्य होगी, इसलिए 15 अप्रैल की शाम 5 बजे जिस जगह पर कथा होने वाली थी, वहां हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा।
नारायण त्रिपाठी चार महीने पहले धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री से मैहर में कथा के लिए समय ले चुके थे। कथा के लिए तैयारियां भी चल रही थीं। विशाल टेंट और तमाम इंतजाम के बाद मंगलवार को विधायक नारायण त्रिपाठी मैहर से विदिशा जाकर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री से मिले। यहां धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कथा करने से मना कर दिया। सूत्रों की मानें तो धीरेन्द्र शास्त्री ने नारायण त्रिपाठी से कह दिया है कि वे विधानसभा चुनाव तक कथा नहीं कर पाएंगे।
मैहर में कथा कैंसिल होने को लेकर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा- नारायण त्रिपाठी सुयोग्य राजनेता, सीनियर विधायक, समाजवादी विचारक हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है, वो उनका संवैधानिक अधिकार है, लेकिन उनके द्वारा घोषित कथा क्यों कैंसिल हुई है? बागेश्वर धाम ने हां करने के बाद ना क्यों किया है? उनके कान में किसने फूंक मारी है? ये नारायण त्रिपाठी, धीरेन्द्र कृष्ण और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह बता सकते हैं।

Top