You are here
Home > Politics > मप्र में स्मार्ट सिटी तो कहीं बनी नहीं, लेकिन स्मार्ट<br>घोटाले जरूर हो रहे हैं: कमलनाथ

मप्र में स्मार्ट सिटी तो कहीं बनी नहीं, लेकिन स्मार्ट
घोटाले जरूर हो रहे हैं: कमलनाथ

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सतना में अन्य पिछड़ा वर्ग के सम्मेलन को संबोधित करते हुये कहा कि मैं वचन देता हूं कि जब भी हमारी सरकार केंद्र में आएगी तब हम संविधान संशोधन करके हमारे पिछड़ा वर्ग की सही जनगणना करवाएंगे और पिछड़ा वर्ग को आरक्षण का लाभ सुनिश्चित करवाएंगे। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में हमारी सरकार थी तब मैंने ऐसा कौन सा पाप किया था कि मैंने पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया परंतु भारतीय जनता पार्टी की नियत खराब थी, भारतीय जनता पार्टी ने पिछड़ा वर्ग के साथ छल किया और मामले को कोर्ट में घसीट दिया, 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी, आज 18 साल हो गए हैं भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। जब मैं मुख्यमंत्री था तो हमने अपनी साफ नीयत और नीति का परिचय दिया था।


कमलनाथ ने कहा कि 18 साल में और खासतौर से पिछले 3 साल में आप ने मध्यप्रदेश को दिया क्या? शिवराज सिंह चौहान ने 20 हजार घोषणाएं की। स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों का घोटाला किया। यह स्मार्ट सिटी की नहीं यह स्मार्ट घोटालों की बात है। शिवराज सिंह चौहान तो स्वयं कहते हैं मैं तो घोषणा मशीन हूं। शिवराज सिंह चौहान घोषणा मशीन तो है ही साथ में झूठ बोलने की भी मशीन है। वे अगर दिन भर में झूठ ना बोले और कमलनाथ की आलोचना ना करें तो उनका खाना हजम नहीं होता।


श्री नाथ ने कहा कि कांग्रेस और देश की संस्कृति जोड़ने की संस्कृति है, हमारा हजारों सालों का इतिहास यह बताता है कि हमारी संस्कृति जोड़ने की संस्कृति है। विश्व में कोई भी ऐसा देश नहीं है जहां पर इतनी सारे धर्म हो इतनी सारी जातियां हो ऐसा कोई देश विश्व में नहीं है जहां इतने सारे त्यौहार और इतने सारे देवी देवता हो यह हमारे देश की विभिन्नता है यह हमारे देश की अनेकता है फिर भी हमारा देश एक झंडे के नीचे खड़ा है। पूरा विश्व ताज्जुब से हमारे देश की तरफ देखता है कोई व्यक्ति मुंबई जाता है तो भाषा अलग है ना अलग कोई व्यक्ति सपना आता है तो भाषा अलग खान-पान अलग है, इसलिए पूरा विश्व आज भारत की ओर इतने आदर से देखता है।


उन्होंने कहा कि देश की संस्कृति के रक्षक आप सब है, हमारी नई पीढ़ी, हमारे नौजवान हमारी संस्कृति के रक्षक हैं। बाबा साहब अंबेडकर ने हमारे देश को ऐसा संविधान दिया जो विश्व में मशहूर है। कई देशों ने बाबा साहब के संविधान को आधार मानकर अपने देशों का संविधान बनाया। बाबासाहेब आंबेडकर के सामने चुनौती थी कि ऐसे ही विभिन्नताओं वाले देश में, ऐसी अनेकता वाले देश में कैसा संविधान बनाएं। उन्होंने अपने देश को एक महान संविधान दिया। पंडित जवाहरलाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद, सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे हमारे महान नेताओं ने संविधान का पालन करते हुए देश को आगे बढ़ाया पर आज हमारे देश की संस्कृति खतरे है। आपको तय करना होगा कि आप मोदी के रास्ते पर चलना चाहते हैं या अपने देश की संस्कृति के रास्ते पर। आज हम सबके सामने तमिलनाडु की भाषा का विवाद चल रहा है, 35 साल बाद पंजाब में खालिस्तान के नारे लग रहे हैं, हमारा देश कहां घसीटा जा रहा है, कैसे समाज को बांटो, कैसे धर्म के आधार पर नफरत फैलाओ, तस्वीर इस देश के सामने है।


श्री नाथ ने कहा कि राहुल गांधी जी ने जब भारत जोड़ो यात्रा शुरू की, उन्होंने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा का कोई राजनीतिक लक्ष्य नहीं है, भारत जोड़ो यात्रा तो देश को जोड़ने, देश की संस्कृति को बचाने की यात्रा है। हमने आजादी तो प्राप्त कर ली परंतु जब तक हमारे देश में सही जनगणना नहीं होगी, हमारे पिछड़े वर्ग की सही पहचान नहीं होगी।
श्री नाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने हमें कैसा प्रदेश सौंपा था, किसानों की आत्महत्या में नंबर वन, बेरोजगारी में नंबर वन, ऐसा प्रदेश सौंपा जो महिला अत्याचार और कमजोर वर्ग के ऊपर होने वाले अत्याचार में नंबर वन था। ऐसी कौन सी चुनौती हमारे सामने नहीं थी, परंतु हमने एक नई शुरुआत की थी। किसानों का कर्जा माफ किया, शुद्व के लिये युद्व अभियान चलाया।


हम अपने कृषि क्षेत्र में नई क्रांति लाना चाहते थे मध्य प्रदेश में 27 लाख किसानों का कर्जा हमने माफ किया था। क्या यही मेरा गुनाह था? अगर 100 रू. में 100 यूनिट बिजली दी तो मैंने कौन सी गलती की थी? हमने गरीबों की पेंशन बढ़ाई तो कौन सा गुनाह किया? गौशालाओं का निर्माण जो इतिहास में नहीं होता था वह हमने करके दिखाया। सिर्फ सतना जिले में ही 60 से 70 गौशालाओं का निर्माण हमने कराया था, हमने टारगेट बनाया था कि हम हर साल एक हजार से ज्यादा गौशालाएं प्रदेश में बनाएंगे। सौदा करके हमारी सरकार गिरा दी गई मैं भी सौदा कर सकता था मैं मुख्यमंत्री था पर मैंने कहा कि मैं मध्यप्रदेश की पहचान सौदें की राजनीति से नहीं करना चाहता। आज सबसे बड़ी चुनौती है हमारे नौजवानों की। नौजवानों का सपना है भविष्य में मध्यप्रदेश का निर्माण करना, परंतु अगर नौजवानों का भविष्य ही अंधकार में रहा तो कैसे मध्यप्रदेश का नवनिर्माण संभव हो पाएगा?


श्री नाथ ने कहा कि हमारे पास खनिज संसाधन मौजूद हैं, परंतु 30-35 सालों से नए कारखाने स्थापित नहीं हो पाए हैं। मैं पूछना चाहता हूं पिछले 10-15 सालों में क्षेत्र में क्या हुआ? जब तक निवेश नहीं आए, आर्थिक गतिविधि ना आए, औद्योगिकरण ना हो, तब तक क्षेत्र का विकास संभव नहीं है। हमारी माताएं-बहनें जिन्होंने इतने प्यार से इन नौजवानों को पाला है, आज हमें उनकी तड़प और उनकी बेचैनी को पहचानना पड़ेगा। आज का नौजवान कोई ठेका या कमीशन नहीं चाहता वह सिर्फ रोजगार का अवसर चाहता है, परंतु यह तभी संभव हो पाएगा जब निवेश आएगा, निवेश तब आएगा जब मध्य प्रदेश पर लोगों को विश्वास होगा। हमारा प्रदेश 5 प्रदेशों से घिरा हुआ है, जिसको दक्षिण में अपना सामान बेचना है वह उत्तर भारत में अपना उद्योग लगाने क्यों जाएगा?


श्री नाथ ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी के शासन में मध्य प्रदेश की नई पहचान भ्रष्टाचार से, मिलावट से है। मैं चाहता था मध्य प्रदेश को अलग पहचान मिले, इसलिए हमने माफियाओं के खिलाफ एक अभियान की शुरुआत की, शुद्ध का युद्ध कार्यक्रम शुरू किया, ताकि मध्य प्रदेश की एक नई पहचान बने और मध्य प्रदेश के नौजवानों का भविष्य सुरक्षित किया जा सके यह हमारा प्रयास रहा। श्री नाथ ने कहा कि मैं तो शिवराज सिंह चौहान से हमेशा कहता हूं कि आप मुंबई जाइए और एक्टिंग करिए मध्य प्रदेश का नाम रोशन करिए कलाकारी जनता के साथ नहीं की जाती।


उन्होंने कहा कि अंत में यही बात कहना चाहता हूं कि प्रदेश की तस्वीर आप सबके सामने हैं हर वर्ग आज परेशान हैं, भ्रष्टाचार की व्यवस्था बनी हुई है, पंचायत से लेकर मंत्रालय तक इसकी व्यवस्था बनी हुई है, यह तस्वीर आज आप सबके सामने हैं। प्रदेश की वर्तमान तस्वीर को अपने साथ में रखकर सच्चाई का साथ दीजिएगा। मैं वचन देता हूं कि हम सब मिलकर सतना का विंध्य का और संपूर्ण मध्य प्रदेश का एक नया इतिहास बनाएंगे। इस अवसर पर सांसद राजमणि पटेल, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा, विधायक बैजनाथ कुशवाहा, विधायक कल्पना वर्मा, रीवा के महापौर अजय मिश्रा बाबा सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित थे। श्री नाथ को सुनने हजारों की संख्या में जनसैलाबे उमड़ा।

Top