You are here
Home > Uncategorized > भाजपा के पूर्व विधायक रसाल सिंह ने की बगावत, मुख्यमंत्री के आने से पहले इस्तीफा दिया, कल BSP की लेंगे सदस्यता

भाजपा के पूर्व विधायक रसाल सिंह ने की बगावत, मुख्यमंत्री के आने से पहले इस्तीफा दिया, कल BSP की लेंगे सदस्यता

रसाल सिंह अब तक चार बार रौन विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे

भिंड – भिंड की लहार विधानसभा सीट से प्रत्याशी न बनाए जाने से नाराज पूर्व विधायक रसाल सिंह ने बगावत कर दी। उन्होंने बीजेपी से त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने अपना त्याग पत्र मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लहार आगमन से ठीक पहले पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया को भिजवाया है। अब वे बीएसपी की सदस्यता लेकर लहार विधानसभा चुनाव मैदान में आएंगे।

लहार से दो बार लड़ चुके चुनाव

गौरतलब है कि भिंड जिले के लहार विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी के कद्दावर नेता रसाल सिंह थे। रसाल सिंह अब तक चार बार रौन विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे। वे पार्टी की वरिष्ठ नेत्री उमा भारती के नजदीकी है। भारतीय जनता पार्टी ने रसाल सिंह को वर्ष 2013 और 2018 में उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतारा था। दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वर्ष 2018 में अम्बरीष शर्मा को बीजेपी से टिकट नहीं मिला था। पिछले विधानसभा चुनाव में अम्बरीष शर्मा ने बीजेपी से बगावत की थी और बीएसपी की सदस्यता लेकर चुनावी मैदान में उतर आए थे। इस वजह से पूर्व विधायक रसाल सिंह को हार का मुंह देखना पड़ा था। इस चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी डॉ गोविंद सिंह ने बीजेपी प्रत्याशी रसाल सिंह को साढ़े नौ हजार वोटों से हराया था। वहीं, बीएसपी उम्मीदवार को 31 हजार से अधिक वोट मिले थे।

पार्टी को दे चुके थे चेतावनी

इस बार बीजेपी चुनावी मैदान में रसाल सिंह, अम्बरीष शर्मा और रोमेश महंत की दावेदारी थी। इस पर अम्बरीष शर्मा पर पार्टी ने विश्वास जताया और चुनावी मैदान में उम्मीदवार बनाया। अम्बरीष शर्मा का नाम घोषित होते ही रसाल सिंह ने विरोध कर दिया था। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की ओर पांच दिन का समय देकर चेतावनी दी थी। इसके बाद पार्टी का रूख स्पष्ट न होने पर उन्होंने रविवार को त्यागपत्र देकर पार्टी से बगावत कर दी है। अब वे, बीजेपी के उम्मीदवार शर्मा को पिछले चुनाव का बदल देकर सबक सिखाने का मन बना चुके हैं।

Top