You are here
Home > News > Adiwasi Yuwak ko lat-ghuso se peeta

Adiwasi Yuwak ko lat-ghuso se peeta

आदिवासी युवक को लात-घूंसों से पीटा, मुर्गा बनाया

कांग्रेस ने वीडियो शेयर कर कार्रवाई की मांग की

बैतूल – बैतूल में एक आदिवासी युवक की पिटाई का वीडियो सामने आया है। 2 मिनट 42 सेकेंड के इस वीडियो में दिख रहा है कि एक शख्स युवक को बेरहमी से पीट रहा है। घटना शनिवार रात की है। रविवार को वीडियो सामने आने के बाद बैतूल कोतवाली थाने में एट्रोसिटी एक्ट और अन्य धाराओं में एक नामजद और तीन अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एक आरोपी का नाम चंचल राजपूत बताया जा रहा है। वह बजरंग दल के नर्मदापुरम संभाग का सह संयोजक है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। कांग्रेस ने इस मामले में तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।

वीडियो में यह नजर आ रहा…

आरोपी युवक के चेहरे पर कभी घूंसा तो कभी लात मारता है। उसे गालियां देता है। पीड़ित पीटने वाले से गुहार लगाता है। गिड़गिड़ता है। उसके पैर पड़ता है, लेकिन वह नहीं सुनता है। उसे मारना जारी रखता है। तभी पीछे से किसी की आवाज आती है। वह युवक को मुर्गा बनने के लिए कहता है। युवक मुर्गा बन जाता है। मुर्गा बनने के बाद भी आरोपी उसकी पीठ पर हाथ की कुहनी से मारता है। तभी उसका साथी उसे मारने से रोकता है। लेकिन वह नहीं मानता है। एसपी सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित युवक का पता लगाया। उसने बताया कि वह एक डीजे वाले के यहां काम करता है। डीजे के मालिक का आरोपी चंचल राजपूत से पुराना विवाद था। इसे लेकर ही उससे मारपीट की गई। पीड़ित ने आरोपी चंचल का नाम पुलिस को बताया। बाकी तीन अन्य आरोपियों को वह पहचानता नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आदिवासी युवक के साथ मारपीट का ये वीडियो सोशल मीडिया में शेयर किया। उन्होंने इस मामले में तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।

कमलनाथ बोले- भाजपा सरकार की मानसिकता आदिवासी विरोधी

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी इस वीडियो के बहाने भाजपा को निशाने पर लिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि एमपी पहले ही आदिवासी अत्याचार में देश में नंबर वन है। इस तरह की घटनाएं बताती है कि भाजपा सरकार की मानसिकता आदिवासी विरोधी है। कमलनाथ ने इस मामले में मुख्यमंत्री से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Top